- Advertisement -
ऊना। प्रदेश में अब दिन को सोने वाले नहीं, बल्कि जागकर काम करने वाले सीएम हैं, जो प्रदेश को सेवा व विकास के एजेंडे से शिखर पर ले जाने का काम कर रहे हैं। यह बात प्रदेश बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कही। रणधीर शर्मा ने कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्रिहोत्री के बयान पर पलटवार किया।
उन्होंने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर के नेतृत्व में पारदर्शी प्रशासन प्रदेश को देने का काम किया जा रहा है। लेकिन, प्रदेश में नेतृत्व की जंग में फंसी कांग्रेस को एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ है, इसलिए कांग्रेस के नेता सरकार की अलोचना में झूठ बोलने की प्रतियोगिता में जुटे हुए हैं।
रणधीर शर्मा ने कहा कि कौन कितना बड़ा झूठा है, इसके लिए मीडिया के माध्यम से सुर्खियों में रहने का प्रयास कांग्रेस के नेता कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तबादला पर रोना रोने के स्थान पर कांग्रेस के नेता विपक्ष की भूमिका पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि बतौर विपक्ष कांग्रेस कोई भी दिशा तय नहीं कर पाई है। इसलिए कांग्रेस के नेताओं की अपनी डफली अपना राग की स्थिति हो गई है।
उन्होंने कहा कि तबादले सरकारों में निरंतर चलने वाली प्रक्रिया रहते हैं। बीजेपी की सरकार जरूरत अनुसार तबादले कर रही है और यह सरकार का अधिकार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक दल के नेता कांग्रेस की सरकार के कार्यकाल पर नजर दौड़ाए, तो उन्हें पता चल जाएगा कि किस प्रकार वीरभद्र सरकार में सैकड़ों बार पांच वर्ष में लाखों की संख्या में तबादले किए गए थे और राजनीतिक आधार पर कर्मचारियों व अधिकारियों को तंग किया गया था।
रणधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू सीएम जयराम पर अनुभवहीन होने की टिप्पणी कर रहे हैं। सुक्खू को चाहिए कि वे अपने छह बार के अनुभवी नेता वीरभद्र पर नजर दौड़ाएं, जिनके कारण न तो कांग्रेस कभी सत्ता में रिपीट हुई, उन्हीं अनुभवी नेता के कारण गत विस चुनावों में जनता ने कांग्रेस की सता से विदाई की है और भ्रष्टाचार के मामले भी कोर्ट में चल रहे हैं।
- Advertisement -