- Advertisement -
बड़सर। बड़सर बीजेपी ने चुनावों में पार्टी विरोधी कार्य करने पर दो नेताओं पर गाज गिराई है। राष्ट्रीय किसान मोर्चा के सदस्य राकेश बबली तथा बीजेपी जिला उपाध्यक्ष कमल नयन को पार्टी विरोधी कार्य करने पर पार्टी से छह साल के लिए बाहर कर दिया गया है।
दोनों नेता पार्टी से टिकट की दावेदारी जताते रहे हैं तथा पार्टी के समांतर अलग से बैठकों का आयोजन करते रहे हैं। चुनाव प्रचार अभियान के दौरान पार्टी के पदाधिकारी दोनों नेताओं से मिले तथा चुनाव प्रचार में साथ चलने की बात करते रहे। लेकिन दोनों नेताओं ने पदाधिकारियों के आग्रह को ठुकरा दिया तथा पार्टी विरोधी कार्य करते रहे।
बीजेपी मीडिया प्रभारी अश्वनी शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि बुधवार को मैहरे में बड़सर बीजेपी मंडल की बैठक मंडल अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में मंडल कार्यकारिणी टीम के अलावा मोर्चा व प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
इस बैठक में दोनों को पार्टी से निकालने का फैसला सर्वसम्मति से लिया गया। इससे पहले सभी सदस्यों ने उन्हें पार्टी से हटाने की मांग उठाई। पार्टी ने इन नेताओं के निष्कासन की सूचना जिला कार्यकारिणी, प्रदेश कार्यकारिणी व राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेज दी है।
- Advertisement -