- Advertisement -
bjp leader hariom : ऊना। प्रदेश बीजेपी के सदस्य एवं पूर्व कर्मचारी नेता हरिओम भनोट ने कहा कि पूर्व सीएम व विपक्ष के नेता प्रेम कुमार धूमल ने सदैव कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया है। शुक्रवार को जारी बयान में भनोट ने कहा कि प्रदेश के सचिव रहे विनोद ठाकुर द्वारा किन्ही कारणों से पार्टी छोड़ना दुर्भाग्य की बात है, लेकिन विनोद ठाकुर का कांग्रेस में जाना उससे भी अधिक दुर्भाग्य की बात है। भनोट ने कहा कि पार्टी के भीतर रहकर मसलों को हल किया जा सकता है। लेकिन राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ समझौता नहीं होना चाहिए और विनोद ठाकुर ने अनेक मौको पर कर्मठता के साथ कार्य करते हुए पार्टी में अपना योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी में रहना या छोड़ना यह उनका अपना निर्णय है। लेकिन मैं इस बात की कड़ी निंदा करता हूं कि विनोद ठाकुर ने कांग्रेस में जाते हुए जो आरोप प्रेम कुमार धूमल पर लगाए हैं वह निराधार व आधारहीन है। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने की इच्छाएं हो सकती हैं। पार्टी के निर्णय सभी को स्वीकार करना पड़ता है। कुछ मतभेद भी हो सकते हैं, लेकिन संगठन सर्वोपरि है। ऐसे में विनोद ठाकुर द्वारा पार्टी छोड़ने व पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार धूमल पर लगाए गए आरोप गलत हैं। उन्होंने कहा कि प्रेम कुमार धूमल ने पार्टी में हर कार्यकर्ता को मान सम्मान दिया है। दो बार प्रदेश में सरकार बनाकर हमीरपुर सहित पूरे हिमाचल को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि धूमल ने पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जोड़े रखने के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रेम कुमार धूमल जैसा स्पष्टवादी, मेहनती, कर्मठ व आम आदमी की तकलीफ को दूर करने वाला नेता मिल नहीं सकता है।
- Advertisement -