- Advertisement -
पांवटा साहिब / देहरा। मंडल अध्यक्ष के चुनाव में पांवटा बीजेपी (BJP) की फूट खुलकर सामने आ गई है। शाम तक अरविंद गुप्ता की अध्यक्ष पद पर ताजपोशी हो गई। इसके साथ ही पांवटा बीजेपी में अंतरकलह और गुटबाजी भी जगजाहिर हो गई है। अध्यक्ष पद के दावेदार मनीष तोमर ने अध्यक्ष पद पर अरविंद गुप्ता की ताजपोशी के बाद विधायक पर छल कपट से चयन के आरोप लगाए। तोमर ने आरोप लगाया कि मंडल अध्यक्ष के लिए कुल 14 नाम सामने आए थे, जिनमें 5 लोगों के नाम हाईकमान को भेजे जाने थे। इसके बाद शुक्रवार को अध्यक्ष पद के लिए सहमति बननी थी, लेकिन पांवटा के विधायक (MLA) ने अरविंद गुप्ता को इस पद पर काबिज कर दिया। ये सब बंद कमरे में किया गया है।
उन्होंने इस चुनाव पर सवाल उठाते हुए कहा कि ये मामला प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती और संगठन मंत्री पवन राणा से उठाया जाएगा। उन्होंने इस चुनाव को कार्यकर्ताओं से छल कपट करार दिया। बता दें गुरुवार को पूरा दिन बैठकों का दौर चलाए जिसमे अध्यक्ष के लिए खूब कशमकश हुई। इस दौरान मंडल अध्यक्ष पद के लिए 14 उम्मीदवार ने दावेदारी पेश की। लेकिन शाम तक अरविंद गुप्ता के नाम पर अध्यक्ष पद की मुहर लग गई।
देहरा। देहरा मंडल अध्यक्ष के चुनावों को लेकर आज आवेदनकर्ताओं के बीच काफी गहमागहमी हुई। इससे पहले देहरा जलशक्ति विभाग के विश्राम गृह में चुनाव प्रभारी संजीव शर्मा की अध्यक्षता में लगभग डेढ़ दर्जन आवेदन लिए गए। जिनमें एक भी महिला ने अभी तक आवेदन नहीं किया है। एक नवंबर को बीजेपी मंडल अध्यक्ष के चुनाव होने हैं।
- Advertisement -