- Advertisement -
धर्मशाला। नगर निगम मेयर व डिप्टी मेयर चुनाव के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस के ज्यादा पार्षद होते हुए भी ओंकार नैहरिया के चुनाव जीतने के बाद बीजेपी मंडल धर्मशाला में खलबली मच गई है। बीजेपी मंडल धर्मशाला ने ओंकार नैहरिया को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
बीजेपी मंडल धर्मशाला द्वारा नैहरिया की पार्टी की प्राथमिक सदस्यता रद्द कर दी गई। पुख्ता सूत्रों की माने तो ओंकार नैहरिया कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव के बाद से ही इसके लिए बिसात बिछनी शुरू हो गई है।
बता दें कि नगर निगम धर्मशाला में सबसे ज्यादा कांग्रेस समर्थित पार्षद हैं। हाल ही में हुए चुनाव में देवेंद्र जग्गी को मेयर चुना गया है। कांग्रेसी पार्षदों में अच्छी पैठ होने व सुधीर शर्मा से नजदीकियों के चलते उनका मेयर पद पर चुनाव लगभग तय माना जा रहा था। वहीं, कांग्रेस के ज्यादा पार्षद होते हुए बीजेपी से संबंधित ओंकार नैहरिया डिप्टी चुने गए। उनके डिप्टी मेयर पर चुने जाने से सियासी गलियारों में तपिश बढ़ गई।
ओंकार नैहरिया काफी लंबे समय से बीजेपी के साथ जुड़े हुए हैं। सूत्रों की माने तो मौजूदा दौर में अनदेखी के चलते वह मायूम चल रहे थे। इसी का नतीजा है कि कांग्रेस पार्षदों के चलते वह डिप्टी मेयर बने हैं।
- Advertisement -