- Advertisement -
मुजफ्फरनगर। धारा 370 खत्म किए जाने के बाद सबकी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के खतौली से बीजेपी विधायक विक्रम सिंह सैनी (BJP MLA Vikram Singh Saini) ने एक विवादित बयान दिया है। विक्रम सिंह ने कहा कि, “पार्टी के कार्यकर्ता उत्साहित हैं क्योंकि वो कश्मीर की गोरी लड़कियों से शादी कर पाएंगे।” इस घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें विधायक धारा 370 खत्म किए जाने की खुशी में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे हैं।
विधायक ने कहा, “कार्यकर्ता बहुत उत्सुक हैं और जो कुंवारे हैं, उनकी शादी वहीं करवा देंगे, कोई दिक्कत नहीं है। क्या दिक्कत है? पहले वहां महिलाओं पर कितना अत्याचार था। वहां की लड़की अगर किसी उत्तर प्रदेश के लड़के से शादी कर ले, तो उसकी नागरिकता खत्म। भारत की नागरिकता अलग, कश्मीर की अगल… और जो मुस्लिम कार्यकर्ता हैं यहां पर उनको खुशी मनानी चाहिए… शादी वहां करना, कश्मीरी गोरी लड़की से। खुशी मनानी चाहिए। चाहे हिंदू, मुस्लमान कोई हो। ये पूरे देश के लिए उत्साह का विषय है।”
विधायक ने ये भी कहा है, ” मोदी जी आपने मेरा सपना पूरा कर दिया। पूरा भारत खुश है। सारी जगह नगाड़े बज रहे हैं। पूरा उल्लास है। चाहे वो लद्दाख हो, लेह हो। मैंने कल फोन किया… हमारे एक जानने वाले हैं। कोई मकान है… मैं कश्मीर में घर बनाना चाहता हूं। वहां हर चीज खूबसूरत है- जगह, पुरुष और महिलाएं। सबकुछ।”
विधायक सैनी से उनके विवादित बयान (Controversial statement) के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्होंने कुछ गलत नहीं कहा है। विधायक ने कहा, “अब हर कोई बिना किसी परेशानी के कश्मीरी लड़की से शादी कर सकता है। यही सब मैंने कहा है और ये सच है। ये कश्मीर के लोगों के लिए आजादी है। अब, कश्मीरियों को आजादी मिली है।”
- Advertisement -