- Advertisement -
लेखराज धरटा / शिमला। बयानों को लेकर हमेशा ही सुर्खियों में रहने वाले बीजेपी सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने हिमाचल विश्विद्यालय में राष्ट्रवाद पर बोलते हुए कहा कि नाथू राम गोडसे हिंदूवादी विचारधारा के व्यक्ति थे। गोड़से को लगा कि महात्मा गांधी के विचारों से हिंदुओं को नुकसान हो रहा है इसलिए उसने महात्मा गांधी को गोली मारी थी, लेकिन महात्मा गांधी की मौत उसकी गोली से हुई थी यह अभी जांच का विषय है, जिसकी वे जांच कर रहे हैं। क्योंकि महात्मा गांधी की हत्या से सीधा फायदा जवाहरलाल नेहरू को हुआ था।
उन्होंने इस दौरान कांग्रेस नेताओं पर खूब जुबानी हमला बोला। सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा है कि पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का राष्ट्रवादी चरित्र नहीं था, इसलिए में एक इटालियन महिला सोनिया गांधी के इशारों पर नाचते थे और देश के हित में निर्णय नहीं लेते थे। मनमोहन सिंह का व्यक्तिगत चरित्र बहुत अच्छा है, लेकिन वे राष्ट्रवादी नहीं हैं। क्योंकि राष्ट्रवादी होने के लिए व्यक्तिगत चरित्र के साथ राष्ट्रवादी चरित्र होना भी जरूरी है।
वहीं, सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि सोनिया और राहुल गांधी ने एक भी एग्जाम पास नहीं किया है वे झूठ बोलते हैं। उनकी डिग्रियां भी फर्जी हैं। इसके साक्ष्य सामने आए हैं। जबकि भीम राव अंबेडकर ने विदेश जाकर पीएचडी की डिग्री हासिल की थी और देश के संविधान की रचना की थी। स्वामी ने कहा कि पुरुष और महिला को जब तक एक सम्मान नहीं समझा जाएगा तब तक देश तरक्की नहीं कर सकता। युवाओं को दहेज की मांग नहीं करनी चाहिए। राष्ट्रवाद के लिए सभी को एक समझना जरूरी है।
एक छात्र द्वारा पूछे गए सवाल कि जब भगवान हर जगह हैं तो अयोध्या में ही क्यों बने राम मंदिर के जवाब में स्वामी ने कहा कि इतिहास में कुछ अन्याय हुआ है तो उसे सुधारना सरकार का काम है। मुसलमानों ने जानबूझकर अयोध्या में राम जन्म भूमि में मंदिर तोड़ कर मस्जिद बना दी है, इसलिए अब न्याय यही होगा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो।
- Advertisement -