- Advertisement -
bjp protest: शिमला। पानी की कहानी पर राजधानी के लोग बेकाबू हो गए हैं। 24 घंटे पानी देने का दम भरने वाली नगर निगम अब हफ्ते में महज चार या पांच दिन ही पानी उपलब्ध करवा पा रही है। इसी से खफा होकर सोमवार को बीजेपी ने खाली बर्तन लेकर उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना दिया और जमकर प्रदर्शन किया।
बीजेपी के निशाने पर नगर निगम रही। गौर रहे कि राजधानी शिमला में पिछले सवा साल से पानी की किल्लत कम होने का नाम नहीं ले रही है। कई क्षेत्रों में तो लोगों को सात दिन तक पानी के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। इससे लोगों में नगर निगम के खिलाफ गुस्सा है और लोगों के आक्रोष को बीजेपी ने धार दी है। बीजेपी का आरोप है कि नगर निगम पानी का वितरण सही ढंग से नहीं कर पा रहा है।
विधायक सुरेश भारद्वाज ने कहा कि नगर निगम को पानी तो ठीक मिल रहा है, लेकिन पानी के वितरण में नगर निगम शिमला असफल रहा है नतीजतन आज स्थिति यह है कि लोगों को पानी की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। पानी की कमी को लेकर वे कई बार अपनी आवाज बुलंद कर चुके हैं, लेकिन इस ओर निगम प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। भारद्वाज ने कहा कि नगर निगम चुनाव में बीजेपी इसे प्रमुख मुद्दा बनाएगी। उनका कहना था कि नगर निगम पर काबिज माकपा 24 घंटे पानी देने की बात कर रही है, लेकिन हकीकत यह है कि यहां तीसरे और चौथे दिन भी पानी नहीं मिल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि पानी की सप्लाई में सुधार न आया तो आने वाले समय में बीजेपी अपने प्रदर्शन को और अधिक उग्र करेगी।
- Advertisement -