- Advertisement -
Bjp Rally Dharamshala : धर्मशाला। प्रदेश सरकार काम ही ऐसे कर रही है कि हर कोई उससे नाराज है और कोर्ट जाने की बात तक कह रहा है। धर्मशाला में माफिया हटाओ हिमाचल बचाओ रैली के दौरान नेता विपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने वीरभद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में की गई पुलिस की नई भर्तियां ठेके पर दी गई हैं, जिससे पुलिस कर्मी भी सरकार से नाराज हैं तथा कोर्ट जाने की बात कह रहे हैं। नए भर्ती हुए पुलिस कर्मियों को सरकार कहती है कि 8 साल तक कांट्रेक्ट पर काम करो, उसके बाद ग्रेड देंगे। धूमल ने कहा कि अब नए भर्ती हुए पुलिस कर्मी खुद को ठगा सा महसूस करते हुए सरकार से नाराज चल रहे हैं।
धूमल ने नगर निगम धर्मशाला को अभी एक साल हुआ है, लेकिन इस कार्यकाल में तीन कमीश्नर बदले जा चुके हैं। नगर निगम में स्टाफ की कमी बनी हुई है। धूमल ने कहा कि प्रदेश सचिवालय में हाल ही में 85 चतुर्थ श्रेणी कर्मियों की भर्ती की गई, जिनमें से 38 जिला शिमला से रखे गए, जबकि जिला कांगड़ा से 3 और चंबा से मात्र 1 को इस नौकरी के लायक समझा गया। नेता विपक्ष ने कहा कि सीएम वीरभद्र सिंह पूछते हैं कि माफिया राज की परिभाषा बताओ, जबकि उनके अपने कार्यालय से माफिया राज चल रहा है। कानून व्यवस्था खराब होना, समाज विरोधी शक्तियों द्वारा लोगों को लूटना और कानून के रखवालों को उनका काम न करने देना यह माफिया राज है। उन्होंने कहा कि खुद सीएम के ऑफिस में माफिया राज चल रहा है, इस पर कर्मचारी आवाज उठाते हैं तो उन पर कार्रवाई की जाती है। हिमाचल में तबादला माफिया भी सक्रिय है।
धूमल ने आरोप लगाया कि तबादला माफिया भी सक्रिय है, 20 से 25 हजार रुपए में तबादले किए जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पांवटा साहिब में एक महिला खुद को सीएम का रिश्तेदार बनाकर इस कार्य में जुटी हुई है। ड्रग माफिया भी प्रदेश में फलफूल रहा है। यमुना की खुदाई कर रेत को उत्तराखंड भेजा जा रहा है, जो कि माफिया राज है। उन्होंने कहा कि शराब ठेकों से हजारों लोगों को रोजगार मिलता था, लेकिन सरकार ने कारपोरेशन बना दी। अब एक कंपनी प्रदेश में शराब कारोबार कर रही है। धूमल ने पूछा कि जनता जानना चाहती है कि सरकार के कितने लोगों का इस कंपनी में शेयर है। इसके साथ ही कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद शांता कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है। देश की प्रबुद्ध जनता ने दिल्ली बदल दी है, अब हिमाचल की जनता को शिमला को बदलना होगा।
हिमाचल में सरकार है, ऐसा कहना मुश्किल है। सीएम से कई बार कहा कि योजनाएं बनाओ, हम केंद्र से स्वीकृत करवाएंगे, लेकिन ऐसा कुछ नहीं किया गया। सीएम पर विश्वास था, लेकिन उन्होंने निराश किया। विकास में सबसे बड़ी अड़चन वर्तमान में प्रदेश की कांग्रेस सरकार बनी हुई है। बुधवार को धर्मशाला में माफिया राज हटाओ, हिमाचल बचाओ के तहत आयोजित रैली को संबोधित करते हुए शांता कुमार ने कहा कि पूर्व में कांग्रेस कार्यकाल में देश में भयंकर भ्रष्टाचार था। अमीरों व गरीबों में खाई बढऩे की कीमत पर किया गया विकास विनाश का कारण बनता है। कांग्रेस के भ्रष्टाचार पर नोटबंदी ने प्रहार किया और हाल ही हुए चुनावों के परिणामों ने स्पष्ट कर दिया है कि जनता भी नोटबंदी के समर्थन में है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार देश में विकास की नई कहानी लिखने की कोशिश कर रही है।
शांता ने कहा कि पठानकोट से मंडी लेह-लदाख तक ब्राडगेज रेलवे लाइन को जोडऩे के लिए पिछले वर्ष बजट प्रावधान हो चुका है। इसका दो बार सर्वे भी हो चुका है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से ब्राडगेज की जा रही रेलवे लाइन से धर्मशाला व योल को भी जोडऩे के प्रयास किए जाएंगे, क्योंकि यहां भी सैन्य क्षेत्र हैं।
- Advertisement -