- Advertisement -
शिमला। बीजेपी एससी मोर्चा ने लोकसभा चुनावों के लिए कमर कस दी है। शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय शिमला में मोर्चा की अहम बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मुलखराज प्रेमी ने की। इसमें आगामी विषयों तथा लोकसभा चुनावों को लेकर चर्चा की गई।
मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मुलखराज प्रेमी ने कहा कि मोर्चा पार्टी द्वारा दिए गए प्रत्येक कार्यक्रम में अपनी भागीदारी बखूबी निभा रहा है और आने वाले लोकसभा चुनावों में भी मोर्चा अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को अभी से चुनावों के दृष्टिगत तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए तथा एक बूथ 10 अनुसूचित जाति सदस्य अभियान, मोर्चा के मंडल एवं जिला अभ्यास वर्ग एवं फरवरी में प्रदेश मोर्चा की बड़ी रैली को लेकर भी पदाधिकारियों से चर्चा की।
मुलखराज प्रेमी ने बताया कि आगामी 2 नवंबर को बीजेपी मुख्यालय में मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य व जिलाध्यक्ष भाग लेंगे। मिशन 4-0 की आगामी रूपरेखा तैयार की जाएगी। अनुसूचित जाति मोर्चा ने केंद्र द्वारा स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत शुरू करने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। इस योजना से गरीब तबके के व्यक्ति को भी ईलाज की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
बैठक में उपाध्यक्ष टिकम बंधु, अजय चौहान प्रवक्ता, बाबूराम कश्यप कोषाध्यक्ष, केवल सिंह बुशैहरी, प्रदीप कश्यप कार्यालय सचिव, जानकी कश्यप, सुशील कुमार, दुनीचंद, संदीप, विशन लाल, आशा कश्यप व कंवर सिंह सहित सभी पदाधिकारियों उपस्थित रहे।
- Advertisement -