-
Advertisement
बिंदल बोले-सिरमौर से भरमौर तक बीजेपी का परचम फहराने को तैयार रहें कार्यकर्ता
Last Updated on January 22, 2020 by Deepak
नाहन। हम नारों से नहीं संगठन के आधार पर काम करते हैं। संगठन हमारा मंत्र है। यानी एक-एक कार्यकर्ता को विकास के साथ, चिंतन के साथ, पार्टी के साथ, कमल के फूल के साथ जोड़ते हुए हम एक ऐसा संगठन बनाना चाहते हैं जो अविजित हो, जिसको दुनिया की कोई ताकत जीत न सकें। यह अविजित संगठन है भारतीय जनता पार्टी का संगठन। यह बात प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बुधवार नाहन हिंदू आश्रम नाहन में जिला बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सिरमौर से लेकर भरमौर तक बीजेपी का परचम फहराने के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार रहना है और आज ऐसा संकल्प हम धारण कर यहां से जाएं।
यह भी पढ़ें: रिज पर होगा राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह, कौन कहां फहराएगा तिरंगा-जानिए
डॉ. बिंदल ने कहा कि धारा 370 एक अस्थाई व्यवस्था थी, जिसे कांग्रेस के कारण हटाने में 70 साल लग गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 370 धारा की आड़ में अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक कर सत्ता हथियाई। लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी ने देश को प्रथम माना और 370 को हटाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि लाखों परिवार कश्मीर से बेघर होकर पलायन को क्यों मजबूर हुए, उसके बारे में कांग्रेस का कहना है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद बुधवार को डॉ. राजीव बिंदल ( Dr. Rajeev Bindal ) दिल्ली से सीधा कालाअंब के रास्ते नाहन पहुंचे। सिरमौर के जिला मुख्यालय नाहन पहुंचने पर डॉ. बिंदल का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। ढोल नगाड़ों व बैंड बाजे की थाप पर कार्यकर्ता जमकर झूमे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी भी की।
कालाअंब से लेकर नाहन तक कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी के बीच रोड़ शो निकाला। इस दौरान डॉ. राजीव बिंदल हर कार्यकर्ता से गले मिले। सुबह के समय सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने डॉ. राजीव बिंदल का प्रदेश की सीमा से सटे कालाअंब में भव्य स्वागत किया। यहां बाइक रैली निकाली गई। डॉ. राजीव बिंदल ( Dr. Rajeev Bindal ) खुली जीप से ही कालाअंब होते हुए नाहन पहुंचे। नाहन शहर की परिक्रमा करने के बाद उन्होंने हिंदू आश्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान लोकसभा सांसद, जिला सिरमौर के बीजेपी विधायकों समेत तमाम बड़े नेताओं ने उनके भव्य स्वागत समारोह में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शहर के विभिन्न हिस्सों में कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से स्वागत करने के बाद विशाल रैली दिल्ली गेट होकर हिंदू आश्रम पहुंची। जहां, उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।