- Advertisement -
शिमला। राजधानी के प्रतिष्ठित बैनमोर क्षेत्र में आज एक तेंदुए के शावक का शव मिला है। शावक के शव मिलने से वहां सनसनी फैली है। यह शव सड़क किनारे पहाड़ी की तरफ पड़ा था। आज सुबह वहां से गुजरते हुए स्थानीय लोगों की इस पर नजर पड़ी। जिस स्थान पर शावक का शव मिला, वहां पर हेनाल्ट स्कूल है। स्कूल की प्रिंसिपल ने तेंदुए का शव देखकर स्थानीय लोगों को जानकारी दी। बताते हैं कि यह तेंदुए का बच्चा हो सकता है और लगता है कि यह गाड़ी की चपेट में आया होगा। इसके सिर के पास चोट के घाव हैं। बैनमोर वार्ड के पूर्व पार्षद अनूप वैद्य ने बताया कि उन्हें सुबह स्कूल के प्रिंसिपल से जानकारी मिली थी कि सड़क किनारे एक शावक का शव पड़ा है और उसके बाद उन्होंने कहा कि नगर निगम के आयुक्त को फोन किया और वहां से उनकी टीम ने आगे कार्रवाई की।
वाइल्डलाइफ विभाग को भी किया सूचित
वहीं, पार्षद डॉ. किमी सूद ने कहा कि उन्हें हेनाल्ट स्कूल के पास तेंदुए के शव मिलने की सूचना मिली थी और उस पर उन्होंने वाइल्डलाइफ विभाग को सूचित किया था। उनका कहना था कि उनके वार्ड में कुछ स्थानों पर तेंदुए दिखते हैं और इस कारण स्थानीय लोगों में डर बना रहता है और सुबह और शाम को अकेले में जाने में भय बना रहता है। इसे लेकर उनकी वन विभाग से मांग है कि वहां पर तेंदुए को पकड़ने को कदम उठाए जाएं।
- Advertisement -