- Advertisement -
वी कुमार/सरकाघाट। उपमंडल के बलद्वाड़ा तहसील मुख्यालय से आधा किलोमीटर दूर स्थित तरंडोल गांव में वेल्डिंग का काम कर रहे 23 वर्षीय युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुरारी लाल पुत्र धनी राम, डाकघर कलखर बलद्वाड़ा में वेल्डिंग का काम करता था और यहीं पर किराए के मकान में रहता था। गत दिन वह अपने काम से लौटा तो अपने कमरे में उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उसकी हालत जब बिगड़ने लगी तो वह जोर से शोर मचाने लगा। उसकी हालत को देख कर लोग उसे सिविल अस्पताल बलद्वाड़ा ले गए।
अस्पताल प्रशासन ने पुलिस और उसके घरवालों को सूचना दी और वे अस्पताल पहुंच गए लेकिन पुलिस के अनुसार युवक बयान देने के काबिल नहीं था। डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए जोनल अस्पताल बिलासपुर रैफर कर दिया, जहां पर उसने रात को दम तोड़ दिया। बिलासपुर अस्पताल में युवक का पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवा शव को उसके परिजनों को सौंप दिया। हटली चौकी प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि पुलिस युवक की मौत के कारणों की जांच कर रही है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।
- Advertisement -