-
Advertisement
शाहपुर : ख़बरू झरने में नहाने गया 19 साल का युवक डूबा, अब तक लापता
Last Updated on July 9, 2021 by Deepak
कांगड़ा। शाहपुर उपमंडल में स्थित ख़बरू झरने में नहाने के लिए गया एक युवक डूब गया है। 19 वर्षीय युवक केशव शाहपुर (Shahpur) के डढंब गांव का रहने वाला है। बताया जा रहा है युवक पानी के नीचे फंस गया, जिस कारण अभी तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में नाबालिग से दुष्कर्म, शादी का झांसा देकर पंजाब पहुंचा दी पीड़िता
जानकारी के अनुसार दरीणी पुलिस चौकी के तहत बोह से करीब चार किलोमीटर दूर ख़बरू झरने (Khabaru waterfall) में शाम के समय नहाते वक्त केशव पानी के झरने में फंस गया। उसके साथियों ने उसको निकालने की कोशिश की लेकिन वह असफल रहे। उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी, लेकिन लोग भी उसको बाहर निकालने में असफल रहे। प्रशासन ने प्राकृतिक आपदा राहत टीम के गोताखोरों को भी बुलाया है, लेकिन अभी तक युवक का कोई पता नहीं चला है।
थाना प्रभारी त्रिलोचन सिंह ने बताया कि यहां लगभग 80 फीट की ऊंचाई से पानी गिरता है और नीचे नौ फीट गहरा है। उन्होंने बताया नहाते समय युवक पानी में नीचे ही फंस गया। पानी ज्यादा होने के कारण युवक का कोई पता नहीं चला है। गोताखोरों की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया है। युवक की तलाश की जा रही है।