- Advertisement -
गाजियाबाद। एक साल के बच्चे की पानी से भरी बाल्टी में गिरने से मौत हो गई। हादसा गाजियाबाद के साथ लगते लोनी स्थित अशोक विहार कॉलोनी में हुआ। हादसे में मारे गए बच्चे का नाम आजम हैं। पीड़ित पिता मुशरर्फ ने बताया कि हादसे के समय उनकी पत्नी फातिमा और बच्चा घर पर ही थे। उनके अन्य बच्चे ट्यूशन पढ़ने गए हुए थे। फातिमा घर के दूसरे हिस्से में थी कि तभी आजम किसी तरह सीढ़ियां चढ़ते हुए छत पर जा पहुंचा।
छत पर पानी से भरी बाल्टी रखी हुई थी, जिसमें आजम अचानक मुंह के बल गिर गया। कुछ देर बाद फातिमा आजम को ढूंढती हुई छत पर पहुंची तो उन्होंने देखा कि आजम औंधे मुंह बाल्टी में पड़ा हुआ था। जब तक उन्होंने आजम को बाहर निकाला तब तक बहुत देर हो चुकी थी। फातिमा की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी वहां जमा हो गए। बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया। लोनी थाने के एसएचओ ओपी चौधरी ने कहा कि प्राथमिक जांच में यह हादसा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि बच्चा दुर्घटनावश बाल्टी में खुद ही गिर गया था और छोटा होने के कारण वह खुद को बाल्टी से निकाल नहीं पाया, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई।
- Advertisement -