- Advertisement -
राजगढ़। जिला सिरमौर में सोलन-पुलवाहल रोड पर नेई हेटी गांव के पास एक निजी बस रविवार सुबह खाई में जा गिरी। इस हादसे में 8 लोगों की जान चली गई और 11 लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो ही हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मानवा से सोलन जा रही निजी बस (HP-64-9097) का नेई नेटी गांव के पास चक्का खुल गया और देखते ही देखते बस खाई में जा गिरी। हादसा सुबह नौ बजे के करीब हुआ। बस के गिरते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। शवों को निकालने के लिए जेसीबी की मदद ली गई है। मौके से 6 शव निकाले गए । हादसे के बाद घायल हुए 13 लोगों को तुरंत सोलन अस्पताल भेजा गया, जहां पर पहुंचते ही एक 4 वर्षीय बच्चे व महिला ने दम तोड़ दिया। भगनाल कोच की बस में करीबन 26 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना से एसएचओ बलवंत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और राहत, बचाव शुरू कर दिया। एसडीएम राजगढ़ नरेश कुमार वर्मा ने मृतकों के परिजनों को 15 -15 हजार रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 10-10 हजार रुपये व कम घायलों को पांच-पांच हजार रुपये की फौरी सहायता प्रदान की है।
अधिकारिक रूप से अभी तक 8 लोगों को मरने की पुष्टि हो पाई है।
जिनमें कौशल्या ( 55) थानाधार, भोटू राम ( 58) बाहर, हरिपुरधार, चालक संतोष कुमार ( 42) वाकनाघाट, प्रतिया ( 32) नोटी, उदय राम ( 49) पजोगा, सुभाष ( शास्त्रीः हारचक्कियां कांगड़ा की मौके पर तथा आस्तिक ( 3) प्रदीप, थानाधार, नारदा देवी ( 55) पत्नी मोहिंद्र, द्राबला की मौत अस्पताल ले जाते हुई।
दुर्घटना से एक मोड़ पहले एक भाई बस से उतरा तो दूसरा भाई बस में चढ़ा। घर पहुंचने से पहले ही बस के गिरने की खबर पहुंची तो भाई उलटे पांव घटनास्थल पर पहुंचा। अचानक उसकी नज़र अपने भाई पर पड़ी, जो घायल था। तब उसकी जान में जान आई।
राज्यपाल आचार्य देवव्रत और सीएम जय राम ठाकुर ने आज सिरमौर जिले के राजगढ़ के पास नेई नेटी में एक बस दुर्घटना में आठ लोगों की मृत्यु होने पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में 11 यात्री घायल हुए हैं। उन्होंने शिमला जिले के ठियोग-छैला मार्ग पर एक कार दुर्घटना में 6 लोगो की मृत्यु होने पर भी शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल ने मृतकों के परिजनों के साथ अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। सीएम जयराम ठाकुर ने शोक संतप्त परिवारों के साथ अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा उनके परिजनों को इस दुःखद् घटना को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता दी जाए और घायलों को उचित उपचार सुविधा प्रदान की जाए।
- Advertisement -