धनतेरस के दिन घर लाएंगे ये चीजें तो बरसेगी लक्ष्मी की कृपा
Update: Tuesday, November 10, 2020 @ 4:20 PM
दिवाली से पहले धनतेरस का त्योहार आता है और इस दिन मां लक्ष्मी घर आती हैं। धनतेरस के दिन खरीदारी करने का विशेष महत्व है। कहा जाता है कि इस दिन खरीदारी करना बेहद शुभ फलदायी होता है। इस दिन लोग सोने-चांदी के आभूषण और घर के लिए सामान की खरीदारी करते हैं। आप ने भी धरतेरस पर कुछ न कुछ खरीदने का प्लान बनाया होगा। अगर आप इस दिन सोने-चांदी के आभूषण नहीं खरीद सकते हैं तो इसकी जगह आप छोटा चम्मच भी खरीद सकते हैं, लेकिन इस चम्मच को अपनी बरकत समझकर नियमित तौर पर पूजा में शामिल करेंगे तो आपकी समृद्धि में बढ़ोतरी होगी। इसके अलावा भी कई ऐसी चीजें हैं जिन्हें धरतेरस पर खरीदने से आप के ऊपर लक्ष्मी की कृपा बरसेगी …
धनतेरस के दिन दीप खरीदना और दीप दान करना शुभ माना जाता है। धनतेरस के दिन मां लक्ष्मी के पास एक दीया, मां तुलसी के पास एक, घर की चौखट पर दो और एक यम देव के लिए दीया जलाएं। कहा जाता है कि इससे यमदेव प्रसन्न होते हैं और मृत्यु का भय नहीं होता।
धनतेरस के दिन धनिया के बीज खरीदने की परंपरा है। इस दिन धनिया खरीदना बहुत शुभ माना जाता है। इसे समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। लक्ष्मी पूजा के समय धनिया के बीज लक्ष्मी मां को चढ़ाएं और पूजा के बाद किसी बर्तन या बगीचे में धनिया के बीज बो दें। कुछ बीज गोमती चक्र के साथ अपनी तिजोरी में रखें।
धनतेरस पर झाड़ू भी खरीदना चाहिए। झाड़ू खरीदने का सांकेतिक अर्थ ये है कि आप अपने घर से गरीबी को हटा रहे हैं।
- धनतेरस के दिन अपने व्यवसाय से जुड़ी कोई चीज भी जरूर खरीदनी चाहिए। इससे आपको साल भर व्यवसाय या कार्यक्षेत्र में सफलता मिलती रहेगी।
- यह जरूरी नहीं है कि इस दिन आप कुछ खरीदें लेकिन इस दिन भूलकर भी एल्युमीनियम या कांच के बर्तन ना खरीदें क्योंकि इन्हें राहु से संबंधित माना जाता है और इन्हें घर पर लाने का मतलब है कि मां लक्ष्मी के आगमन से पहले आप राहु को अपने घर पर बुला चुके हैं।
- धनतेरस के दिन शादीशुदा महिलाओं को सोलह श्रृंगार का तोहफा देना शुभ माना जाता है। इसके अलावा लाल रंग की साड़ी, सिंदूर के साथ देना भी अच्छा माना जाता है। इससे भी लक्ष्मी मां प्रसन्न होती हैं। अगर आपकी जान-पहचान में कोई शादीशुदा महिला नहीं है तो आप किसी कुंवारी लड़की को भी ये गिफ्ट दे सकते हैं।
धनतेरस के दिन पूजा में इस्तेमाल करने के लिए पान का पत्ता जरूर खरीदें। ऐसी मान्यता है कि पान के पत्ते में देवी-देवताओं का वास होता है।
- धनतेरस के दिन सुपारी की खरीदारी भी शुभ मानी जाती है। इस दिन पूजा में इस्तेमाल की गई सुपारी को अपनी तिजोरी में रखा जाता है। इससे धन में वृद्धि होती है।
- इस दिन कपूर जरूर खरीदें। कपूर की खुशबू और उससे निकलने वाली ऊर्जा से घर की नकारत्मकता समाप्त होती है। यही नहीं कपूर मन को शांत भी करता है। मां लक्ष्मी, भगवान कुबेर देव और भगवान धनवंतरि की पूजा में इसे विशेष रूप से इस्तेमाल किया जाता है।
- धनतेरस के दिन खील और बताशे जरूर खरीदें। खील और बताशे मां लक्ष्मी को अति प्रिय है। इस दिन खील बताशे जरूर चढ़ाएं। अगले दिन खील की एक पोटली बनाकर अपने भंडार गृह में रख दें। ऐसी मान्यता है कि घर का भंडार कभी खत्म नहीं होता और मां अन्नपूर्णा की कृपा बनी रहती है।