- Advertisement -
ऊना। जिला के अंब उपमंडल के गांव सूरी में एक कार ने 70 वर्षीय वृद्ध महिला को टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल वृद्ध महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान संसारी देवी पत्नी बलराज निवासी सूरी के रूप में हुई है। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस अंब अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल भेज दिया। वहीं कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर संसारी देवी निवासी सूरी ग्रामीण बैंक की शाखा में जा रही थी। इसी दौरान अंब की ओर से आर रहे एक कार चालक ने वृद्धा को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर मारने के बाद कार चालक ऊना की ओर फरार हो गया। हादसे में घायल वृद्धा को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल अंब लाया गया। जहां उसकी मृत्यु हो गई। अंब के थाना प्रभारी मोहन रावत ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार का नंबर किसी व्यक्ति ने नोट कर लिया था। जल्द ही उसका पता लगा लिया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरु कर दी है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय चिकित्सालय ऊना भेज दिया गया है।
- Advertisement -