- Advertisement -
सुरेश रंजन/ रामपुर। कुल्लू जिला के निरमंड के समीप बजीरबाउड़ी में आल्टोके ढांक से नीचे लुढ़क जाने से छह लोगों की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस के साथ सेना के जवान भी मौके पर पहुंचे। हादसा रामपुर के पास निरमंड रोड पर सतलुज के दाईं ओर हुआ है। बताया जा रहा है कि हादसा स्थल पर भूस्खलन हो रहा था, जिसका किसी को आभास भी नहीं था और यह (आल्टो HP 35-4541) भी उसी की चपेट में आ गई। गाड़ी पर चट्टानें गिरने के बाद ही वह ढांक से नीचे लुढ़की है।
हादसे के शिकार हुए सभी लोग दत्तनगर से पुजारली शादी में जा रहे थे। अभी तक सभी छह लोगों के शव निकाले जा चुके हैं और इनमें से चार की पहचान हो गई है। मृतकों में गुरदयाल ( 28) पुत्र काभु राम गांव झिबारा तहसील निरमंड, सीता राम(48) पुत्र मोलाकू राम दत्तनगर, सीता देवी (38)पत्नी सीता राम दतनगर, मनजीत ( 13) सीता राम दतनगर शामिल है।
दो शवों की पहचान नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि शायद हादसा शनिवार देर रात को हुआ और इसे लोगों ने सुबह देखा। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई है। सेना व पुलिस की मदद से सभी शवों को निकाल लिया है।
नेरवा। जिला शिमला के चौपाल में सोमवार एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार उत्तराखंड के विकास नगर से कोठी के लिए आ रही एक बोलेरो कैंपर कुपवी के निकट ओल पुल के पास 80 फीट नीचे खाई में लुढ़क गई। बोलेरो में चार लोग सवार थे। जैसे ही बोलरो लुढ़की इसमें सवार तीन लोगों ने छलाग लगाकर अपना जान बचाई जबकि चालक सुदेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक को कुपवी में प्राथमिक उपचार देने के बाद सोलन अस्पताल के लिए रैफर कर दिया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की छानबीन कर रही है।
- Advertisement -