- Advertisement -
बिलासपुर। चोरी की गाड़ी में जा रहे दो लोगों ने नाके पर पुलिस कर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। इसमें पुलिस कर्मी तो बाल-बाल बच गए। लेकिन, पुलिस की गाड़ी को खासा नुकसान पहुंचा है। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चार-पांच दिन पहले शिमला से एक गाड़ी चोरी हुई थी। इसकी सूचना घुमारवीं पुलिस को भी दी थी। गाड़ी चोरों को पकड़ने के लिए घुमारवीं पुलिस ने नाका लगाया हुआ था। इसी बीच चोरी की गाड़ी लेकर दो लोग आए। पुलिस कर्मियों ने उन्हें रुकने का इशारा किया। लेकिन, उन्होंने गाड़ी रोकने की बजाय पुलिस कर्मियों पर चढ़ाने का प्रयास किया। साथ ही पुलिस की गाड़ी को जबरदस्त टक्कर मार दी।
इसमें पुलिस कर्मी तो बाल-बाल बच गए। लेकिन, गाड़ी को खासा नुकसान पहुंचा। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने उनका पीछा किया तो वह गाड़ी छोड़ मौके से फरार हो गए। चाबी भी गाड़ी में रख गए। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक लदरौर निवासी सुनील काकू और दूसरा जाहु निवासी संजू है। इन पर हत्या के प्रयास व सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज हुआ है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी राजिंद्र जसवाल ने बताया कि आरोपियों पर हत्या के प्रयास व सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज हुआ है।
- Advertisement -