- Advertisement -
सुंदरनगर। गत 12 जनवरी को संदेहास्पद परिस्थितयों में ट्रक के नीचे 74 वर्षीय वृद्ध के शव बरामदगी मामले में पुलिस के हाथ कुछ महत्वपूर्ण तथ्य हाथ लगे हैं। माना जा रहा है कि यह हादसा दिल्ली से मनाली की ओर सुबह तकरीबन छह बजे के आसपास निकलने वाली वॉल्वो बस की चपेट में आने से हुआ है। गौर हो कि वीरवार को मनाली-चंडीगढ़ राजमार्ग पर एक खड़े ट्रक के पिछले दोनों और के टायरों के बीच में से वृद्ध का शव बरामद हुआ था। जोगी राम के सिर व शरीर के अन्य भागों में चोट के निशान थे। इसे घटनास्थल से कुछ दूरी तक घसीटा गया था। माना जा रहा था कि हत्या या दुर्घटना को अंजाम दिए जाने के उपरांत वृद्ध को घसीटते हुए ट्रक के नीचे फेंक दिया गया, ताकि इसे ट्रक की चपेट में आने के संदेह के चलते हादसे का रूप दिया जा सके।
जोगी राम नजदीक 100 फुट जिला ग्रामीण विकास अभिकरण मंडी के फार्म हाउस पर अकेला रहता था। जोगी राम के दामाद राजकुमार व बेटी माया ने शव की पहचान उपरांत हत्या की आशंका जताई थी। जोगी पिछले तीन माह से डीआरडीए के फार्म हाउस में रहता था। दिन के समय धनोटू में मूंगफली की रेहड़ी लगाता था। वह सुबह तड़के उठ जाता था। एसपी प्रेम कुमार का कहना है कि मामले की जांच के दौरान कुछ तथ्य हाथ लगे हैं। जिन्हें कब्जे में ले कर मामले से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहनता से छानबीन की जा रही है।
आनी। पालतू पशुओं के लिए चारा और पते लाने गये एक 75 वर्षीय बुजुर्ग की पेड़ से गिरकर चोट लगने से मौत हो गई। घटना निरमंड खंड की पोषणा पंचायत के धानिधार गांव की है। डीएसपी आनी बलदेव ठाकुर ने बताया कि 75 वर्षीय गुम्मी राम पुत्र मोलकू राम रविवार की शाम को अपने घर के साथ ही पेड़ पर पते निकालने के लिए चढ़ा था कि तभी टहनी टूटने से वह गिर गया। जिससे उसके सिर पर चोट लग गई थी।
पत्नी और पोती ने गांव के दो व्यक्तियों की मदद से उसे घर पहुंचाया। जहां उसे हलकी मरहम-पट्टी और देखरेख के बाद आराम करने को कहा। लेकिन रविवार देर शाम उसकी मौत हो गई। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
सरकाघाट। नगर पंचायत सरकाघाट के बेहड़ वार्ड में मोड़ पर सड़क के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति का शव सरकाघाट-घुमारवीं सुपर हाई-वे पर मिला है, जिसकी उम्र लगभग 40 वर्ष लगती है और उसने अपने सर उन की टोपी एक हाफ कोट और अंदर स्वेटर पहना है। वह व्यक्ति दिन से ही सड़क के किनारे पड़ा हुआ था और आने-जाने वालों ने उसे शराबी समझ कर वे अपने वाहनों पर चलते रहे। शाम को जब लोग सड़क पर शाम की सैर करने को निकले तो उनमें से एक व्यक्ति ने उसको अपने हाथ में पकड़ी लाठी से थोड़ा सा हिलाया। हिलाने पर वह एक ओर गिर गया और लुढ़क गया, उसकी हालत देख कर उन लोगों में से एक ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पंहुच गई।
पुलिस ने जब उसको हिलाया तो वह दम तोड़ चुका था और उसे वाहन में डाल कर नागरिक अस्पताल सरकाघाट के शव गृह में पहचान के लिए रखा गया है। डीएसपी मदन धीमान ने पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की अभी पहचान नहीं हुई है और उसके शव को अस्पताल के शव गृह में पहचान के लिए रखा गया है।
- Advertisement -