- Advertisement -
शिमला। राज्य में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों को केंद्र सरकार ने 50 करोड़ रुपए की तीन किस्तें जारी की हैं। केंद्र द्वारा जारी की गई इस राशि से राज्य में आंगनबाड़ी केंद्रों में चल रही गतिविधियों में कोई बाधा नहीं आएगी। केंद्र ने अभी राज्य सरकार को आंगनबाड़ी गतिविधियों को चलाने को तीन किस्तें जारी की हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन को केंद्र सरकार 90 फीसदी राशि देती है, जबकि बाकी 10 फीसदी राशि राज्य सरकार खर्च करती है। केंद्र की इस योजना के तहत महिलाओं और बच्चों को कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाती है। ये सेवाएं शहरी और ग्रामीण इलाकों में दी जाती है और इसके लिए गांवों में बाकायदा आंगनबाड़ी केंद्र खोले गए हैं।
आंगनबाड़ी केद्रों की गतिविधियों को चलाने को केंद्र सरकार के महिला व बाल विकास मंत्रालय ने इस केद्रीय योजना के संचालन को तीन किस्तों में 50 करोड़ रुपए जारी किया है। इनमें 10-10 करोड़ रुपए की दो किस्तें जारी की गई है, जबकि 30 करोड़ रुपए की अंतिम किस्त जारी की गई है। महिला व बाल विकास मंत्रालय के अवर सचिव एस. महापात्रा ने केंद्रीय योजना के तहत यह राशि जारी कर दी है और राज्य सरकार को भी यह राशि मिल गई है। महापात्रा ने इस राशि के सदुपयोग की हिदायतें जारी करते हुए कहा कि राशि को खर्च करने के बाद इसके विवरण की उन्हें जानकारी उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि हर तिमाही को मंत्रालय को उन्हें जारी की गई राशि का विवरण भेजा जाए, ताकि आगे जारी की जाने वाली राशि को लेकर कोई दिक्कत न हो।
- Advertisement -