- Advertisement -
नई दिल्ली। लॉन्च व्हीकल में तकनीकी खराबी के कारण भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग रोक दी गई। चंद्रयान-2 को 15 जुलाई को तड़के 2.51 बजे देश के सबसे ताकतवर बाहुबली रॉकेट GSLV-MK3 से लॉन्च किया जाना था, लेकिन 56.24 मिनट पहले काउंटडाउन रोक दिया गया। तत्काल इसरो वैज्ञानिक ये पता करने की कोशिश में जुट गए कि लॉन्च से ठीक पहले ये तकनीकी कमी कहां से आई।
इसरो प्रवक्ता बीआर गुरुप्रसाद ने इसरो की तरफ से बयान देते हुए कहा कि जीएसएलवी-एमके3 लॉन्च व्हीकल (रॉकेट) में खामी आने की वजह से लॉन्चिंग रोक दी गई है। लॉन्चिंग (Launching) की अगली तारीख जल्द ही घोषित की जाएगी। जल्द ही इसकी नई तारीख का एलान होगा और इस महत्वपूर्ण मिशन को अंजाम दिया जाएगा। इसके साथ ही भारत पहली बार चंद्रमा पर दस्तक देगा। ऐसा करने वाला भारत दुनिया का चौथा देश होगा। दुनिया में अंतरिक्ष महाशक्ति कहलाने वाले भारत के लिए यह बड़ी उपलब्धि होगी। चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग देखने के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी पहुंचे थे। कोविंद रविवार शाम ही श्रीहरिकोटा पहुंच गए थे। 5000 लोगों की दीर्घा में वैज्ञानिक, राजनीतिज्ञ, खगोल विशेषज्ञ, शोधकर्ता और विद्यार्थी भी थे।
- Advertisement -