- Advertisement -
नाहन। पांवटा साहिब उपमंडल में चाइल्ड लाइन ने रविवार को छापा मारकर बाल विवाह को रुकवा दिया। शादी के बंधन में बंधने जा रही दुल्हन तो 18 साल की उम्र पूरी कर चुकी थी, लेकिन दूल्हा नाबालिग, यानी 21 साल का नहीं निकला।
चाइल्ड लाइन की इस कार्रवाई से शादी की सारी तैयारियां धरी की धरी रह गईं। शादी के लिए मंडप सज चुका था। बाराती भी डीजे की धुन पर नाच रहे थे। शादी की तमाम रस्मों की तैयारियां भी पूरी हो चुकी थीं। तभी चाइल्ड लाइन ने ऐन वक्त पर तब छापा मारा, जब बाराती दुल्हन को लेने के लिए घर से निकलने ही वाले थे।
चाइल्ड लाइन को सूचना मिलते ही सबसे पहले पुलिस थाना पांवटा साहिब में डीडी एंट्री करवाई गई। इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन की काउंसलर विनीता ठाकुर और उनकी टीम पांवटा पुलिस और आंगनबाड़ी सूपरवाइजर इंद्रजीत कौर के साथ मिलकर छापा मारा। दूल्हे का आयु प्रमाण पत्र जांचा तो पाया कि वह 19 साल का है, जबकि शादी के लिए उम्र 21 वर्ष होना अनिवार्य है। दूल्हे के अभिभावकों ने माना कि शादी के लिए लड़के की उम्र 21 साल होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अब वे अपने बेटे की शादी 21 साल की उम्र में ही करवाएंगे।
- Advertisement -