-
Advertisement

श्रीलंका से एक लाख बंदर खरीदेगा चीन, आखिर क्या है इसके पीछे वजह, पढ़े
पड़ोसी देश श्रीलंका आर्थिक बदहाली के दौर से गुजर रहा है। देश की आर्थिक हालत को मजबूत करने के लिए वो लगातार प्रयास कर रहा है। इसी बीच खबर ये है कि श्रीलंका की सरकार चीन को एक लाख बंदर बेचने पर विचार कर रही है। टोक मैकाक बंदरों को बेचकर श्रीलंका खर्च पर लगाम लगाएगा। रिपोर्ट्स के अनुसार श्रीलंका से चीन एक लाख बंदर खरीदने जा रहा है। 12 अप्रैल को दिए अपने वक्तव्य में श्रीलंका के कृषि मंत्री ने बताया कि श्रीलंका से चीन को भेजे जाने वाले एक लाख बंदरों के मुद्दे पर विचार करने के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है। चीन ने श्रीलंका से चिड़ियाघरों के लिए बंदरों की डिमांड की है।
पर्यावरणविदों ने उठाए सवाल
उधर पर्यावरणविदों ने श्रीलंका से एक लाख बंदरों के चीन भेजे जाने पर सवाल उठाए हैं। इन का कहना है कि श्रीलंका की सरकार को कोई भी निर्णय लेने से पहले बंदरों की गणना कर लेना चाहिए। पर्यावरणविद जगथ गुनावर्धना ने बताया कि-चीन यह बंदरों क्यों खरीद रहा है, यह हम जानना चाहते हैं, क्या वे इन बंदरों पर शोध करना चाहते हैं? क्या वे इन्हें खाने के मकसद से तो नहीं खरीद रहे? श्रीलंका में भले ही बंदर संरक्षित प्राणियों की लिस्ट में नहीं हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय रेड लिस्ट में इन बंदरों को खत्म होने वाली प्रजातियों की लिस्ट में शामिल किया गया है। कार्यक्रम के पहले चरण के तहत श्रीलंकाई बंदरों को चीन भेजने के मुद्दे पर बैठक में हुई चर्चा के दौरान यह भी बताया गया श्रीलंका में इस समय बंदरों की संख्या करीब 3 मिलियन तक पहुंच गई है। ये बंदर स्थानीय फसलों को बड़े पैमाने पर खराब कर देते हैं। वैसे श्रीलंका से किसी भी जीवित पशुओं के निर्यात पर प्रतिबंध का प्रावधान हैं। कृषि मंत्री के अनुसार श्रीलंका में बंदर और गिलहरियों से देश को करीब 10 करोड़ नारियलों का नुकसान पहुंचता है। इससे करीब 157 करोड़ रुपए की क्षति होती है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group