- Advertisement -
कोलकाता। मशहूर नृत्यांगना एवं कोरियोग्राफर अमला शंकर (Amala Shankar) का शुक्रवार सुबह कोलकाता (Kolkata) में निधन हो गया। वह 101 वर्ष की थीं। अमला पिछले कुछ समय से बढ़ती उम्र की बीमारियों से जूझ रही थीं। नींद में ही दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। उन्होंने अपने निवास पर अंतिम सांस ली। अमला मशहूर नर्तक उदय शंकर की पत्नी और सितार वादक रवि शंकर की भाभी थीं। कला के क्षेत्र में योगदान के लिए 2011 में बंगाल सरकार ने उन्हें बांगा विभूषण दिया था और 2012 में उन्हें संगीत नाटक अकादमी टैगोर रत्न दिया गया था।
अमला शंकर की नातिन श्रीनंदा शंकर ने उनके निधन की जानकारी सोशल मीडिया पर दी। उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट कर लिखा, आज हमारी ‘थम्मा’ हमें छोड़कर चली गईं। वह 101 वर्ष की थीं। पिछले महीने ही हमने उनका जन्मदिन मनाया था। बेचैनी सी है। मुम्बई और कोलकाता के लिए कोई उड़ान नहीं है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। उनके जाने से एक युग का अंत हुआ है। जो कुछ भी दिया उसके लिए शुक्रिया।’ पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने शोक जताते हुए कहा कि उनके निधन से नृत्य की दुनिया को अपूरणीय क्षति पहुंची है।
अमला शंकर का जन्म 27 जून, 1919 को अविभाजित भारत के जसोर में हुआ था। महज 11 साल की उम्र में उन्होंने इंटरनेशनल कॉलोनियल एग्जीबिशन में हिस्सा लिया था। वहीं उनकी मुलाकात उदय शंकर से हुई थी, जिसके बाद वह उनकी नृत्य मंडली में शामिल हो गई थी। 1942 में दोनों का विवाह हुआ। उनकी नृत्य जोडी़ काफी मशहूर हुई थी। 1948 में दोनों ने ‘कल्पना’ नामक एक फिल्म में अभिनय भी किया था, जिसकी 2012 में कान फिल्मोत्सव में स्क्रीनिंग हुई थी। अमला ने अपनी पहली परफॉर्मेंस साल 1931 में बेल्जियम में दी। 1939 में अमला एक डांस ग्रुप के साथ चेन्नई में परफॉर्मेंस दे रही थीं। उस वक्त उदय ने उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया। 1942 में अमला और उदय शादी के बंधन में बंध गए। दोनों के दो बच्चे हैं बेटा आनंद और बेटी ममता। दोनों ही संगीत और कला के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं।
- Advertisement -