- Advertisement -
रविंद्र चौधरी/ शाहपुर। चंबी मैदान में आयोजित कांगड़ा-चंबा लोकसभा क्षेत्र के पन्ना प्रमुख सम्मेलन में सीएम जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर खूब गरजे। वह न-न कहते बहुत कुछ कह गए। पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के मित्र एक साल से कोशिश कर रहे थे, सरकार के खिलाफ कुछ मिले। सीएम और नेताओं के खिलाफ कुछ मिले। जब ऐसा नहीं हुआ तो कांग्रेस के मित्र शोर मचाने लग पड़े। बजट सत्र में भी विपक्ष ने व्यर्थ का हो हल्ला किया और अपनी फजीहत करवाई। वह मजाक बनकर रह गए। उन्होंने कहा कि वह कुछ कहना नहीं चाहते हैं। पर नए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के कार्यभार संभालने के लिए आयोजित समारोह में जो हुआ वह सब लोग जानते हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल एक छोटा प्रदेश है, लेकिन छोटा होने के बावजूद हम काम बड़े करते हैं। इस दौरान उन्होंने विधानसभा चुनाव के समय शुरू किए त्रिदेव सम्मेलन और पन्ना प्रमुख सम्मेलन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि संगठन सरकार बनाता है, सरकार संगठन नहीं बनाती है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का नेशनल हाईवे और फोरलेन के शिलान्यास के लिए आभार व्यक्त किया।
जम्मू कश्मीर के पुलवामा आतंकी हमले को लेकर सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि हादसे का सुनकर दिल बहुत विचलित हुआ। हादसे में कांगड़ा के भी जवान तिलक राज ने छोटी सी उम्र में शहादत पाई है। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व विश्वास जताते हुए कहा कि इस हमले को लेकर केंद्रीय नेतृत्व जो तय करेगा वह उन्हें मंजूर होगा। पाक को जिस भी भाषा में जवाब देना है, उसके लिए वह केंद्रीय नेतृत्व के साथ खड़े हैं।
- Advertisement -