- Advertisement -
नई दिल्ली। सीएम जयराम अपने एक दिवसीय दौरे पर दिल्ली पहुंचे। दिल्ली में सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। सीएम जयराम ठाकुर ने राज्य से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर शाह से चर्चा की। विशेष रूप से एनडीआरएफ बटालियन को लेकर। बटालियन हिमाचल के लिए पहले ही मंजूर हो चुकी है। जयराम ठाकुर ने मानसून से पहले इसे जल्द स्थापित करने के लिए धन उपलब्ध करवाने का का अनुरोध किया है, ताकि काम जल्द शुरू हो सके। वहीं, बंद कमरे में हुई यह गुफ्तगू एक और मायने से महत्वपूर्ण मानी जा सकती है। क्योंकि हिमाचल कैबिनेट में फेरबदल और विस्तार होना है।
हिमाचल कैबिनेट में अभी मंत्री के तीन पद खाली हैं। एक पद अनिल शर्मा के त्यागपत्र देने से खाली हुआ था। दूसरा पद किशन कपूर के सांसद बनने के बाद रिक्त हुआ था। अभी यह पद भरे भी नहीं गए थे कि तीसरा भी खाली हो गया। डॉ. राजीव बिंदल के बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद खाली हुए विधानसभा स्पीकर के पद पर स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार की ताजपोशी हुई है। अब मंत्री के यह तीनों पद भरे जाने हैं। मंत्री पद के चाह्वान लंबे समय से इंतजार में बैठे हैं।
अब जब बीजेपी अध्यक्ष की ताजपोशी हो चुकी है तो कैबिनेट विस्तार भी होना है। इसी के चलते अमित शाह और सीएम जयराम ठाकुर की मुलाकात को अगर मंत्री मंडल के विस्तार से जोड़कर देखा जाए तो गलत ना होगा। बता दें कि सीएम जयराम ठाकुर बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बेटे की शादी के प्रोग्राम में भाग लेने के बाद दिल्ली रवाना हुए थे। दिल्ली से वह कल चंडीगढ़ लौटेंगे और चंडीगढ़ से कल रात या सोमवार सुबह शिमला आएंगे।
- Advertisement -