- Advertisement -
शिमला। प्रदेश सरकार विभिन्न खेलों में उत्कृष्टता हासिल करने वाले खिलाड़ियों का सम्मान और अन्य प्रोत्साहन सुनिश्चित करेगी। सरकार युवा बोर्ड को विकास की अन्य गतिविधियों में शामिल करने पर विचार कर रही है। प्रदेश की लगभग 35 प्रतिशत जनसंख्या युवा है। प्रदेश के विभिन्न भागों में स्टेडियमों और खेल मैदानों के निर्माण पर 26 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। यह बात राज्य युवा बोर्ड की प्रथम बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीएम जय राम ठाकुर ने कही।
उन्होंने कहा कि विकास प्रक्रिया में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सकारात्मक दृष्टिकोण से समर्थ बनाने से न केवल उनकी भागीदारी और क्षमता विकसित होती है, बल्कि राष्ट्र के विकास में भी मद्द मिलती है। सीएम ने कहा कि हमें देश के बेहतरीन राज्यों की प्रथाओं को अपनाना होगा, जहां राष्ट्र पुनर्निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी से अच्छे परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने युवाओं, विशेषकर किशोरों से नशाखोरी के विरूद्ध लड़ाई में आगे आने का आग्रह किया।
जय राम ठाकुर ने कहा कि नोडल क्लब योजना के तहत राज्य के प्रत्येक विकास खंड के लिए दो वर्षों के लिए एक नोडल क्लब स्वीकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्लब को खेलों से सम्बन्धित व अन्य सांस्कृतिक उपकरणों की खरीददारी के लिए 35000 रुपए स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र और प्रदेश स्तर पर युवा महोत्सव का आयोजन युवाओं की रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी सुनिश्चित बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। युवा सेवा एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि राष्ट्र को मजबूत और जीवंत बनाने के लिए प्रत्येक युवा को सक्षम और समर्थ बनाना अनिवार्य है।
- Advertisement -