-
Advertisement
जयराम ने किया My gov portal और मुख्यमंत्री ऐप का आगाज, यह होंगे फायदे
Last Updated on January 6, 2020 by
शिमला। सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने आज यहां हिमाचल माई जीओवी पोर्टल का शुभारंभ किया। यह पोर्टल शासकीय प्रणाली में जनता की भागीदारी को सुदृढ़ करने में मील का पत्थर साबित होगा। माई जीओवी पोर्टल (My gov portal) भारत के विकास के लिए तकनीक की मदद से सरकार और नागरिकों के मध्य भागीदारी की नई अभिनव पहल है। इसका उद्देश्य प्रदेश सरकार में नागरिकों की भागीदारी को बढ़ावा देना है। जयराम ठाकुर ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री ऐप (CM App) का भी शुभारंभ किया।
LIVE : मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी Himachal MyGov Portal के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे हैं।#MyGovHimachal https://t.co/KcXA1KP8DM
— MyGov Himachal (@mygovhimachal) January 6, 2020
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि माई जीओवी हिमाचल प्रदेश के लोगों को अपने विचारों, सुझावों, प्रतिक्रियाओं और शिकायतों को सरकार तक पहुंचाने में सहायक होगा। प्रदेश सरकार रचनात्मक आलोचनाओं पर विचार करेगी तथा राज्य और देश की बेहतरी के लिए सभी सुझावों का समन्वय करेगी। उन्होंने कहा कि माईजीओवी हिमाचल पोर्टल और मुख्यमंत्री ऐप के माध्यम से प्रशासन को लोगों के करीब लाने का एक प्रयास है और इससे सरकार और लोगों के मध्य परस्पर संवाद सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश इस ऐप की सुविधा प्रदान करने वाला देश का 11वां राज्य है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि माईजीओवी हिमाचल की मुख्य विशेषताएं विभिन्न प्रकार की सार्वजनिक नीतियों के मुद्दों पर बातचीत, चर्चा, कार्य, मत देना और ब्लॉगस हैं। इस ऐप की मदद से नागरिक सरकार द्वारा जनता के कल्याण के लिए विभिन्न नीतियों और कार्यक्रमों की प्रत्यक्ष और त्वरित जानकारी हासिल कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि ऐप के माध्यम से आम जनता भी नीतियों और कार्यक्रमों को अधिक प्रभावशाली और परिणाम उन्मुख बनाने के लिए अपने मूल्यवान सुझाव दे सकते हैं। इससे पूर्व प्रदेश सरकार ने जनता को उनकी समस्याओं के समाधान और सामाजिक महत्व के विभिन्न मुद्दों को उठाने के लिए सीएम सेवा संकल्प हेल्पलाइन-1100 का शुभारंभ किया था।
यह भी पढ़ें: मंडीः बर्फ हटाते हुआ बड़ा हादसा, JCB की चपेट में आया बेलदार और राहगीर
सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने कहा कि प्रदेश की जनता चीफ मिनिस्टर ऐप के माध्यम से उनकी शिकायतों को सीधे मुख्यमंत्री को लिख सकेंगे। विभिन्न योजनाओं के मध्य सामंजस्य स्थापित करने में मददगार सिद्ध होगी। कृषि व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. रामलाल मार्कंडेय ने कहा कि माईजीओवी हिमाचल ऐप और मुख्यमंत्री ऐप के माध्यम से सरकार प्रदेश के लोगों के और अधिक करीब आएगी। लोगों को प्रदेश सरकार द्वारा उनके कल्याण के लिए आरम्भ की गई योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में जानकारी प्राप्त करने का अधिकार है। प्रधान सचिव सूचना एवं प्रौद्योगिकी जेसी शर्मा ने सीएम व अन्य गणमान्यों का स्वागत किया। माई जीओवी, भारत सरकार के सीईओ अभिषेक सिंह ने पोर्टल के संबध में अपनी प्रस्तुति दी। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के निदेशक रोहन चंद ठाकुर ने सीएम ऐप पर प्रस्तुति दी।