- Advertisement -
नई दिल्ली। सीएम जयराम ठाकुर ने आज केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री केजे अल्फोंस से मुलाकात की और उनसे प्रदेश में धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने, इको एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने व यहां के नैसर्गिक सौंदर्य से परिपूर्ण व अछूते पर्यटन स्थलों को विश्व के पर्यटन मानचित्र पर प्रमुखता से अंकित करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा तैयार की गई 300 करोड़ लागत की 3 योजनाओं को स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।
उन्होंने केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री को हिमाचल प्रदेश आने का निमंत्रण भी दिया और कहा कि वह स्वयं उन्हें प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर लेकर जाएंगे। केजे अल्फोंस ने सहर्ष सीएम का यह निमंत्रण स्वीकार किया।
केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री ने सीएम को आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार द्वारा इस पर्वतीय राज्य में पर्यटन संभावनाओं के दोहन व विस्तार के लिए भरपूर सहयोग प्रदान किया जाएगा। केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री ने बैठक में उपस्थित अपने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे हिमाचल प्रदेश में पर्यटन के विस्तार व संभावनाओं के दोहन के बारे में राज्य के अधिकारियों को प्रेजेंटेशन के लिए दिल्ली बुलाएं।
सीएम जयराम ठाकुर ने केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री को कहा कि हिमाचल प्रदेश को प्रकृति ने अनुपम सौंदर्य प्रदान किया है और यह प्रदेश अपनी विविध भौगोलिक परिस्थितियों के दृष्टिगत पूरा वर्ष सैलानियों को आकर्षित करता है। उन्होंने कहा प्रदेश में पर्यटन पर जितना फोकस होना चाहिए था, उतना इससे पहले नहीं हो पाया लेकिन अब राज्य सरकार ने पर्यटन क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और यहां के अछूते नैसर्गिक स्थलों में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश धार्मिक पर्यटन का भी प्रमुख केंद्र है और यहां धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित होने से श्रद्धालुओं को और अधिक सुविधा हासिल होगी।
- Advertisement -