- Advertisement -
शिमला। हिमाचल में कोरोना वायरस के खौफ के बीच कुछ राहत की बात है। हिमाचल में अब तक 57 कोरोना संदिग्धों के सैंपल लिए गए हैं, उनमें से 55 नेगेटिव पाए गए हैं, वहीं दो ही पॉजिटिव आए हैं। शिमला में मीडिया से बातचीत में सीएम जयराम ठाकुर ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला में जो दो पॉजिटिव मामले सामने आए हैं, वे मरीज भी स्वास्थ्य हैं। वह उम्मीद करते हैं कि वह दोनों जल्द ही इस दौर से निकलकर आएं।
टेस्टिंग लेब को लेकर सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने कहा कि अनावश्यक टेस्ट करवाने की होड़ लोगों में नहीं मचनी चाहिए। जब डॉक्टर को लगेगा कि मरीज में कोरोना के लक्षण है, तब ही टेस्ट करवाएं। उन्होंने कहा कि बाहर से आए पर्यटकों का सरकार के पास रिकॉर्ड है। बहुत सारों का 28 दिन का निगरानी पीरियड पूरा हो चुका है। वहीं देश के अन्य राज्यों से आए लोगों में भी लगे की उन्हें होम क्वारंटाइन करने की जरूरत है तो उस पर भी स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी नजर रख रहे हैं।
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार ने सख्ती से आदेश दिए हैं, प्रदेश के बाहर जाने पर भी और अंदर आने पर भी रोक है। जनहित के कारण यह निर्णय करना पड़ रहा है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि राशन की कोई कमी नहीं है। इसलिए जमाखोरी से बचें। यह दौर लंबा नहीं रहेगा। लोग सरकार का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सरकार की गाइडलाइन फोलो ना करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान ना देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग अफवाहों से बचें। विधायक और अधिकारी जानकारी देने के लिए उपलब्ध हैं। इनसे सीधा संवाद करें, ताकि सही जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि जिन उद्योगों में मजदूरों को छुट्टी दी जाएगी, वहां पर इस दौरान उनके पैसे ना काटे जाएं।
- Advertisement -