- Advertisement -
शिमला। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि आशा वर्कर्स (Asha Worker) के मानदेय बढ़ोतरी पर सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। कर्मचारी राज्य सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों के प्रभावी कार्यान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह बात सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने आज यहां भारतीय मजदूर संघ हिमाचल प्रदेश के बैनर तले आशा वर्कर यूनियन, सिलाई-कटाई कर्मचारी संघ और पर्यटन निगम कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए कही।
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने हमेशा ही कर्मचारियों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखे हैं और उनकी अधिकांश मांगें पूर्ण की गई हैं। उन्हें करोड़ों रुपए के लाभ प्रदान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सभी जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि आशा कार्यकर्ता माता और बाल स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं को बेहतर बनाने में प्रमुख भूमिका निभा रही हैं। उनके स्वास्थ्य की देखभाल राज्य सरकार की चिंता का प्रमुख विषय था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले दो वर्ष के दौरान दो बार आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में राज्य का हिस्सा बढ़ाया है। ।
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार ‘सिलाई कटाई कर्मचारी संघ’ की मांगों के प्रति भी संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर तथा प्रशिक्षित बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। जयराम ठाकुर ने ‘पर्यटन निगम कर्मचारी संघ’ को भी आश्वस्त किया कि सरकार उनकी मांगों के प्रति सजग है। भारतीय मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष राकेश शर्मा ने सीएम जयराम ठाकुर का स्वागत किया और उन्हें कर्मचारी यूनियन की विभिन्न मांगों से अवगत करवाया। भारतीय मजदूर संघ के महासचिव मंगत राम नेगी, उपाध्यक्ष मदन राणा, सिलाई कटाई कर्मचारी संघ अध्यक्ष मीरा शर्मा और कर्मचारी यूनियनों के अन्य पदाधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
- Advertisement -