- Advertisement -
धर्मशाला। सीएम जयराम ठाकुर पीएम नरेंद्र मोदी की रैली के चलते धर्मशाला पहुंच गए हैं। कांगड़ा एयरपोर्ट गगल में उतरने के बाद वह सीधे पीएम मोदी की रैली के स्थल पुलिस ग्राउंड पहुंचे। उन्होंने वहां पर रैली के लिए चल रही तैयारियों का जायजा लिया। यहां मीडिया से बातचीत में सीएम जयराम ठाकुर ने माना कि आगामी लोकसभा चुनाव सरकार के लिए एक परीक्षा हैं। उन्होंने कहा कि एक साल में जितनी भी परीक्षाएं हुई हैं, सरकार उनमें सफल रही है। लोकसभा चुनाव के रूप में अगली परीक्षा में भी सरकार पास होगी और चारों सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि जब सरकार ने सत्ता संभाली थी तो प्रदेश को कठिन परिस्थितियों से निकालने का दबाव था। सत्ता परिवर्तन के साथ पीढ़ी का परिवर्तन भी हुआ है। हिमाचल की जनता कुछ अलग देखना चाहती थी।
प्रदेश की जनता ने उन्हें आशीर्वाद दिया। हर कदम पर जनता का सहयोग उन्हें मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि यह बड़े सौभाग्य की बात है कि सरकार के एक साल पूरा होने पर पीएम नरेंद्र मोदी आशीर्वाद देने आ रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों का जवाब न देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी झूठी बयानबाजी कर रहे हैं।
बता दें कि सीएम जयराम ठाकुर आज कुल्लू दौरे पर थे। कुल्लू में करोड़ों की सौगातें देने के बाद वह भुंतर से हेलीकॉप्टर के जरिए कांगड़ा एयरपोर्ट गगल पहुंचे। यहां पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के स्वागत किया। इसके बाद वह सीधे पुलिस ग्राउंड के लिए निकले। सीएम जयराम ठाकुर अब 27 तक धर्मशाला में ही रूकेंगे। वह मोदी की रैली के बाद शिमला रवाना होंगे। स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार व खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर भी उनके साथ थे। पुलिस ग्राउंड के निरीक्षण के बाद सीएम जयराम ठाकुर मिनी सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक की और रैली की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
- Advertisement -