- Advertisement -
शिमला/हमीरपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली (former Union Minister Arun Jaitley) के निधन से हिमाचल में भी शोक की लहर दौड़ गई है। राज्यपाल कलराज मिश्र और सीएम जयराम ठाकुर सहित प्रदेश के सभी नेताओं ने जेटली के निधन पर शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि जेटली एक सुलझे हुए, विषयों पर गहरी पकड़ रखने वाले, कर्मठ और कद्दावार नेता थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में विभिन्न पदों पर रहकर महत्वपूर्ण सेवाएं दीं और देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ने में योगदान दिया। वहीं, सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमारे वरिष्ठ नेता अरुण जेटली के निधन के समाचार से बहुत दुखी हूं।
यह भी पढ़ें: जेटली के निधन पर माहौल गमगीन, कल होगा अंतिम संस्कार
उनकी सोच, उनकी कार्यपद्धति उन्हें सबसे जोड़ती थी और उन्हें बेजोड़ भी बनाती थी। केन्द्रीय मंत्री के रूप में उन्होंने कई महत्वपूर्ण विभागों को प्रभावी ढंग से संभाला। जेटली एक योग्य और ईमानदार नेता थे। उन्हें उनके दूरदर्शी नेतृत्व और देश के लिए जन सहयोग व राष्ट्रीय उत्थान के कार्य के लिए हमेशा याद किया जाएगा।वहीं, पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल ने जेटली के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि आज देश ने एक दूरदर्शी, ईमानदार नेता बीजेपी (BJP) पार्टी ने खोया है और इस क्षति को कभी पूरा नहीं किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी पार्टी कठिन से कठित हालात में भी जेटली का मार्गदर्शन लेती रही है। जेटली की योग्यता और ईमानदारी पर किसी को कोई संदेह नहीं था और विपक्ष के नेता भी जेटली को सम्मान देते थे। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश जेटली के निधन पर शोक व्यक्त कर रहा है। बता दें कि जेटली का आज दोपहर एम्स में निधन हो गया था। वे काफी दिनों से बीमार चल रहे थे।
बीजेपी के वरिष्ठ नेता एवं हिमाचल प्रदेश के भूतपूर्व सीएम एवं पूर्व सांसद शांता कुमार (Shanta Kumar) ने कहा है कि अरूण जेटली बीजेपी के एक दिग्वज नेता थे। मुझे उनके साथ लंबे समय तक काम करने का मौका मिला था। वह कानून और वित्त दोनो विषयों के बहुत बड़े विद्वान थे। उनके निधन से पार्टी को क्षति हुई है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के निधन पर हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष डॉ राजीव बिन्दल ने कहा कि अरुण जेटली एक महान नेता थे, बीजेपी के विचारक और चिंतक रहे है। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व का जाना देश और बीजेपी (BJP) के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि अरुण जेटली एक ऐसा नेता रहे हैं जिनकी भरपाई कर पाना बहुत मुश्किल है।
राज्य मंत्रिमण्डल के सदस्यों महेन्द्र सिंह, सुरेश भारद्वाज, सरवीन चौधरी, डॉ. राम लाल मार्कंडेय, विपिन सिंह परमार, वीरेन्द्र कंवर, बिक्रम सिंह, गोविन्द सिंह ठाकुर और डॉ. राजीव सैजल ने भी अरूण जेटली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
वहीं नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री (Mukesh Agnihotri)ने भी अरुण जेटली के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि अरुण जेटली एक प्रसिद्ध वकील रहे हैं। उन्होंने कई मामले देश की अदालतों में लड़े हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राजनीतिक रूप से चाहे हमारी विचारधाराएं नहीं मिलती थीं, राजनीतिक रूप से हमारा अनेक मसलों को लेकर के मतभेद रहा, लेकिन अरुण जेटली अपनी बात को स्पष्टवादीता के साथ रखते रहे हैं। उन्होंने कहा कि अरुण जेटली ने राजनीति में भी अपनी अलग पहचान बनाई ए ऐसे में उनका यूं जाना एक क्षति है।
- Advertisement -