-
Advertisement
स्वर्णिम हिमाचल समारोह में Jai Ram ने याद किए पूर्व सीएम, नड्डा को लेकर कही यह बात
शिमला। हिमाचल पूर्ण राज्यत्व दिवस के स्वर्ण जयंती पर सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने शिमला के रिज से प्रदेशवासियों को संबोधित किया। जयराम ठाकुर ने कहा कि 25 जनवरी हिमाचल के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। 25 जनवरी 1971 को लंबे संघर्ष के बाद हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा मिला था। इस सफर में जनजन का सहयोग रहा है, जिसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने बताया कि आज के स्वर्णिम हिमाचल (Swarnim Himachal) कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने भी शामिल होना था, लेकिन व्यस्तताओं के चलते वह नहीं आ पाए, लेकिन उनकी शुभकामनाएं प्रदेश को मिलती रही हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि पीएम इंदिरा गांधी ने पूर्ण राजयत्व की घोषणा रिज मैदान से की थी।
यह भी पढ़ें: HP Statehood Day: राष्ट्रपति कोविंद व पीएम मोदी ने दी हिमाचलवासियों को शुभकामनाएं
हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा मिलने के बाद भी प्रदेश विभिन्न क्षेत्रों में पिछड़ा हुआ था। उस समय के सीएम डॉ. यशवंत सिंह परमार (Dr. YS Parmar) ने कहा था कि प्रदेश के विकास के लिए सड़कें होना आवश्यक है, उनके बाद प्रदेश में आने वाले हर नेतृत्व ने उनकी इस बात को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया। शांता कुमार (Shanta Kumar) दो बार प्रदेश में सीएम रहे। उन्होंने प्रदेश में घर-घर तक पानी पहुंचाने का प्रयास किया। वीरभद्र सिंह (Virbhadra Singh) सबसे ज्यादा समय तक प्रदेश के सीएम रहे। उन्होंने प्रदेश के विकास में अपना बहुमूल्य योगदान दिया। प्रेम कुमार धूमल (Prem Kumar Dhumal) ने भी प्रदेश के विकास में योगदान दिया और कई नई योजनाएं शुरू कीं। सीएम जयराम ने कहा कि प्रदेश आज जिन ऊंचाइयों को छू रहा है, उसमें सभी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल से देश दुनिया कोरोना से लड़ रही है। आज देश दुनिया को पीपीई किट (PPE Kit) व दवा देने में सक्षम हुआ है। देश में कोरोना की आज दो वैक्सीन उपलब्ध हैं।
नड्डा के कुशल नेतृत्व से प्रदेश को मिले एम्स जैसे संस्थान
सीएम ने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा (JP Nadda) के कुशल नेतृत्व के कारण ही देश में आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं व प्रदेश को एम्स जैसे संस्थान मिले हैं। प्रदेश में आज कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई जा रही हैं। 1100 हेल्पलाइन के माध्यम से लोगों की समस्याओं का निवारण किया जा रहा है। हिमकेयर (Him Care) व सहारा योजनाओं के द्वारा गरीब लोगों का इलाज किया जा रहा है। मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत हिमाचल में युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।
हिमाचल पर्यटन के क्षेत्र में स्थापित करेगा नए आयाम
सीएम ने कहा कि आने वाले 50 वर्षों में पर्यटन के क्षेत्र में हिमाचल में नए आयाम स्थापित होंगे। उसके लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। हिमाचल में एयरपोर्ट की आवश्यकता है, जिससे पर्यटन को नए पंख मिलेंगे। इसके लिए आने वाले समय में प्रयास किए जाएंगे। ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट (Global Investors Meet) के 8 से 10 हजार के प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू कर दिया गया है। कोविड के चलते कार्यों में व्यवधान आए हैं, लेकिन सरकार अब इसको पुरजोर से धरातल पर उतारने वाले हैं।
बल्क ड्रग फार्म से रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
बल्क ड्रग फार्म से प्रदेश में रोजगार को बढ़ावा मिलेगा व इन्वेस्टमेंट आएगा। सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने कहा कि हिमाचल के पचास साल की यात्रा के दौरान जिसने भी उल्लेखनीय कार्य किया है उसकी गाथा जन जन तक पहुंचाया जा सके, इसके लिए कार्यक्रम चलाए जाएंगे। “हिमाचल तब ओर अब” के तहत विभिन्न कार्यक्रम चलाए जाएंगे।