- Advertisement -
चंबा। कोटखाई प्रकरण से सबक लेते हुए सीएम वीरभद्र सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए तीसा में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। चंबा में सीएम ने कहा कि तीसा में जो कुछ भी हुआ वह दुखद है। वहां पर स्थिति अब नियंत्रण में है, जिन लोगों ने जनता की भावनाओं को भड़काया है वे बख्शे नहीं जाएंगे। देखने में आया है कि अफवाहें अच्छी बातों से जल्द फैलती हैं। हमें ऐसी अफवाहों से बचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार निश्चित रूप से उन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी, जिन लोगों ने हिंसा भड़काई और तीसा में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। वीरभद्र सिंह ने कहा कि यह भी पता चला है कि विपक्ष के कुछ लोग भी इस मामले को भड़काने की कोशिश कर रहे थे। वे विश्वास दिलाते हैं कि इस मामले में जो भी दोषी होंगे, वे सामने आएंगे।
वीरभद्र सिंह ने कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू सरकारी मेडिकल कॉलेज की कक्षाएं 1 सितंबर से शुरू होंगी। इसके साथ ही यहां पर जरूरी स्टाफ को तैनात किया है। चम्बा में मेडिकल कॉलेज खुलना एक बड़ी उपलब्धि है। आने वाले समय में लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ होगा। कॉलेज में करीब 72 छात्रों ने प्रवेश लिया है, इनमें से 13 नॉन रेजीडेंट इंडियंस शामिल हैं।
- Advertisement -