-
Advertisement

अच्छा होता नड्डा पूर्व सरकार की आंखें ठीक करते, ताकि प्रदेश की संपदा ना लुटती
CM Sukhu: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कांगड़ा के चंबी में आयोजित समारोह में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhwinder Singh Sukhu)ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda)पर बड़ा हमला बोला है। सीएम ने तंज कसा कि जेपी नड्डा कहते हैं कि मैं ऐसा डॉक्टर हूं, आंखें तो ठीक कर सकता हूं, पर रोशनी नहीं दे सकता हूं। सुक्खू ने कहा, ये कैसे डॉक्टर हैं। अच्छा तो यह होता कि नड्डा पूर्व जयराम ठाकुर सरकार की आंखों को ठीक करते। उनको रोशनी देकर जाते ताकि प्रदेश की संपदा को लुटने से बचाया जा सके।
एक- एक पन्ना जनता की अदालत में लेकर जाएंगे
सीएम ने कहा, आने वाले समय में हम एक- एक पन्ना जनता की अदालत में लेकर जाएंगे और बताएंगे कि किस प्रकार जनता की संपदा, किसानों और महिलाओं के अधिकारों को पिछली सरकार ने लुटाकर रख दिया है। 1000 संस्थान तो खोल दिए। मगर टीचर नहीं रखे। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार में हिमाचल शिक्षा के क्षेत्र में 21वें पायदान पर पहुंच गया था। पांचवी का बच्चा दूसरी कक्षा की किताब नहीं पढ़ सकता था। लेकिन हमारी सरकार ने गुणात्मक शिक्षा पर ध्यान दिया और देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा, कांग्रेस सरकार के प्रयासों से हिमाचल आत्मनिर्भर बना रहा है। आर्थिक संकट कम हो रहा है और हिमाचल जल्द देश का सबसे समृद्धशाली राज्य बनेगा।
अगला बजट महिलाओं और युवाओं को सशक्त बनाने वाला होगा
सीएम सुक्खू ने कहा कि बीजेपी वाले चीख- चीख कर कहते हैं कि 1500 रुपए कब मिलेंगे। मैं उनको बताना चाहता हूं कि उन जगह पर भी जाएं जहां हमने 18 हजार रुपए देने शुरू कर दिए है। आने वाले समय में हम महिलाओं को 1500 रुपए की गारंटी को पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि अगला बजट ग्रामीण अर्थव्यवस्था, महिलाओं और युवाओं को सशक्त बनाने वाला होगा। हिमाचल में 2023 में सदी की सबसे भीषण आपदा आई। 23 हजार घर पूरी तरह उजड़ गए। 551 मौतें हुई। हिमाचल के किसी भी एमपी ने गृह मंत्री से मिलने और राहत मांगने की हिम्मत नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि आपदा के बाद सभी मंत्रियों के सहायता के लिए फोन आए। केंद्र की टीम नुकसान के आकलन के लिए आई और 10 हजार करोड़ के नुकसान का अनुमान लगाकर गई। मगर आज तक हमे पैसा नहीं दिया।
शाहपुर के लिए आज कई घोषणाएं की
अंतरराष्ट्रीय दिवस पर सीएमसुक्खू ने शाहपुर विधानसभा के लिए आज कई घोषणाएं की। चंबी मैदान में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बेहतरीन कार्य करने वाली महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित भी किया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 40 करोड़ के विकास कार्यों के शिलान्यास भी किए। उन्होंने दुरगेला में महाराणा प्रताप भवन का नींव भी रखी। इसके अलावा 11 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले ललेटा से बनू महादेव-धनोटू संपर्क मार्ग, चार करोड़ 41 लाख की लागत से धनोटू वाया बड बस्ती मार्ग, 19 करोड़ 86 लाख की लागत से बनाला से रूलेहड़ रोड की अपग्रेडेशन तथा पांच करोड़ 47 लाख की लागत से रिड़कमार से कुठराना संपर्क मार्ग का शिलान्यास किया।
रविंद्र चौधरी