- Advertisement -
गफूर खान/पालमपुर। सीएम वीरभद्र सिंह ने कहा है कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू पहले अपने विधानसभा क्षेत्र नादौन से चुनाव लड़कर दिखाएं। वीरभद्र सिंह ने यह बात सुक्खू के उस बयान के संदर्भ में कही है जिसमें उन्होंने कहा था कि युवाओं की नई फौज तैयार की जा रही है। इस पर सिंह का कहना था कि यह अच्छी बात है कि पार्टी के साथ युवा जुड़ रहे हैं,पर यह भी सच्चाई है कि टिकटों का आवंटन अकेले सुक्खू के कहने पर नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए बाकायदा सबकी राय होगी, उसके बाद ही निर्णय लिए जाएंगे।वीरभद्र सिंह आज पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के बंदला में जनसभा के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।वीरभद्र सिंह की बातों से साफ-साफ संकेत जाता है कि सुक्खू नादौन से चुनाव लड़ने के ज्यादा इच्छुक नहीं है। हालांकि, वह दो मर्तबा यहां से जीत दर्ज करवा चुके हैं।
वर्तमान में हमीरपुर जिला की नादौन सीट से बीजेपी के विजय अग्निहोत्री एमएलए हैं। नेता विपक्ष प्रेम कुमार धूमल के विश्वासपात्र होने के चलते उनसे सुक्खू को चुनाव लड़ने की स्थिति में कड़ी टक्कर मिल सकती है। यूं भी हमीरपुर जिला में धूमल का वर्चस्व रहता है। इस नाते अंदेशा है कि सुक्खू अपने लिए शिमला शहरी की सीट तलाश रहे हों। क्योंकि सुक्खू नगर निगम के भी पार्षद बनते रहे हैं। उनका शिमला की राजनीति में ज्यादा वक्त बीतता भी है।खैर सीएम वीरभद्र सिंह ने शीतकालीन प्रवास की इस बेला में अब यह नई तान छेड़ दी है,तो यह बात दूर तक जाएगी ही।
वहीं,सीएम वीरभद्र सिंह ने कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर पूछे गए प्रश्न के सवाल पर स्पष्ट कहा है कि यह वक्त की जरूरत है,निश्चित तौर पर इसका विस्तार होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जब भी विकास कार्य होते हैं तो उससे कहीं ना कहीं स्थानीय लोग प्रभावित हो जाते हैं,लेकिन विकास के लिए यह जरूरी होता है। उन्होंने कहा इस बात को हम भी बखूबी समझते है,इसलिए प्रभावित होने वालों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।
- Advertisement -