- Advertisement -
दिल्ली। चुनाव की दहलीज पर खड़े हिमाचल में कांग्रेस संगठन व सरकार के बीच जारी गतिरोध के चलते सीएम वीरभद्र सिंह का दिल्ली प्रवास एक दिन आगे बढ़ गया है। वीरभद्र सिंह को आज वापस शिमला जाना था लेकिन अब वह शुक्रवार यानी कल वापस शिमला जाएंगे। ऐसा भी पता चला है कि वीरभद्र सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने का समय मांगा है, हालांकि अभी समय मुकर्रर नहीं हो पाया है। उम्मीद जताई जा रही है कि शाम तक मुलाकात हो जाएगी। उनके दिल्ली रुकने की एक वजह यह भी रही है।
सीएम वीरभद्र सिंह दिल्ली स्थित हिमाचल भवन में ठहरे हुए हैं। वहीं पर उनके समर्थक मंत्रियों के साथ लगातार गुफ्तगू जारी है। इन दिनों प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के समर्थक पदाधिकारी भी लगातार सुक्खू पर लड़ाई को आर-पार करने का दबाव बनाए हुए हैं। इनमें कुछ विधायक भी शामिल होने के कारण सीएम वीरभद्र सिंह दिल्ली में अपनी अगली रणनीति तय कर रहे हैं। चूंकि हिमाचल में उन्हें प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ अन्य कार्यों में ज्यादा व्यस्तता के चलते समर्थक मंत्रियों के संग बैठने का समय कम मिल पाता है। इसीलिए दिल्ली में एक दिन और रुक कर वह नई रणनीति बनाने में लगे हुए हैं।
- Advertisement -