- Advertisement -
सुरेश कुमार/ कांगड़ा। धर्मशाला को हिमाचल की दूसरी राजधानी का दर्जा मिल सकता है। प्रदेश सरकार इस पर विचार कर रही है। जल्द ही इस बारे में कोई निर्णय लिया जा सकता है। यह खुलासा सीएम वीरभद्र सिंह ने आज हिमाचल अभी अभी के मुख्य कार्यालय में विशेष बातचीत में किया। उन्होंने कहा कि धर्मशाला को दो महीने के लिए विंटर कैपिटल बनाए जाने पर सरकार विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही निर्णय लिया जाएगा।
कांग्रेस मिशन रिपीट के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें आत्मविश्वास है कि आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक समान विकास हुआ है। प्रदेश में कई स्कूल अपग्रेड किए हैं। साथ ही कई नए कॉलेज खोले हैं। इन चार वर्षों में जनता का पूरा सहयोग सरकार के साथ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में कानून व्यवस्था सही रही है। न ही लड़ाई झगड़े हुए हैं और न ही किसी प्रकार के दंगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के अंदर विस्तार हुआ है। इसी के चलते पूरे देश में हिमाचल को दूसरा स्थान मिला है।
दोस्त ज्यादा मिले, अलोचकों की परवाह नहीं
हिमाचल अभी अभी से खास बातचीत में एक सवाल के जवाब में सीएम वीरभद्र ने कहा कि कीचड़ उछालने वालों की कभी कमी नहीं है। कुछ लोग होते हैं, जोकि ऐसा काम करते हैं। मेरा लंबा राजनीतिक तजुर्बा हैं। एक लंबा राजनीतिक करियर है। इस दौरान मुझे दोस्त ज्यादा मिले हैं। प्रशंसक ज्यादा मिले हैं। बीच में अलोचक भी होते हैं पर में उनकी परवाह नहीं करता हूं।
- Advertisement -