- Advertisement -
Rally: धर्मशाला। माकपा ने केंद्र सरकार के साथ-साथ प्रदेश सरकार के खिलाफ हल्ला बोला है। बुधवार को धर्मशाला में कम्युनिस्टों ने शहर भर में रैली निकाली और भी दोनों सरकारों के खिलाफ जमकर नारे लगाए। पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहर में पहले तो एक रोष रैली निकाली और इसके उपरांत कचहरी चौक पर पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया।
पार्टी के राज्य कमेटी के सदस्य सतपाल सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार की मजदूर व किसान विरोधी नीतियों की कड़े शब्दों में आलोचना की। उनका कहना था कि गरीबों के हित की बात करने वाली मोदी सरकार ने मनरेगा के बजट में कटौती करके गरीबों के साथ अन्याय किया है।
प्रदेश की बात करते हुए उन्होंने कहा कि सस्ता राशन डिपुओं से तीन महीने तक गायब रहा और अब चीनी और मिट्टी का तेल गायब है। चाहे केंद्र की बीजेपी सरकार हो या प्रदेश की कांग्रेस सरकार दोनों में से किसी को भी गरीब जनता की चिंता नहीं है। वहीं पार्टी के जिला सचिव रविन्द्र कुमार ने कहा कि मनरेगा मजदूरों को 200 दिन का रोजगार उपलब्ध करवाया जाए। श्रम कल्याण बोर्ड के माध्यम से मनरेगा मजदूरों को सामाजिक सुविधाएं प्रदान की जाएं। उन्होंने राशन डिपुओं में राशन की कटौती बंद करने की भी मांग की है। पार्टी कार्यकर्ताओं को अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
- Advertisement -