- Advertisement -
शिमला। भले ही चुनावी काउंटिग को अभी समय है, लेकिन राजनीतिक दल पूरा आकलन करने के बाद निश्चित होना चाहते हैं। इसी के चलते प्रदेश कांग्रेस ने 22 नवंबर को शिमला में अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक में मतदान का फीडबैक लिया जाएगा और ब्लॉकों और जिलों से हर हलके की रिपोर्ट ली जाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ-साथ जिला व ब्लॉक अध्यक्ष हिस्सा लेंगे। इस बैठक में हर ब्लॉक से पोलिंग बूथ की डिटेल हासिल कर चर्चा होगी। इसके अलावा विधानसभा हलकों में पार्टी की स्थिति कैसी है, उस पर भी विचार होगा। बताते हैं कि पोलिंग बूथ स्तर की जानकारी आने से पार्टी चुनाव में अपनी स्थिति का सही आकलन कर पाएगी। प्रदेश कांग्रेस के पास फील्ड से वैसे भी अपने स्तर पर रिपोर्ट आ रही है, लेकिन ब्लॉकों में असल में क्या स्थिति है, उसकी समीक्षा की जानी जरूरी है। इसलिए यह बैठक अहम मानी जा रही है।
पार्टी को लगता है कि ब्लॉकों से उन्हें सही तस्वीर मिलेगी। इसके अलावा चुनाव में किसने किसके खिलाफ काम किया है, उसका भी पता चलेगा। क्योंकि कई उम्मीदवारों में प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष उनके खिलाफ काम करने की शिकायतें की हैं। इसे देखते हुए पार्टी ने करीब 45 नेता व कार्यकर्ताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता भी दिखाया है, लेकिन इसे लेकर पार्टी के भीतर विरोध भी हो रहा है। कहा जा रहा है कि एक गुट विशेष के नेताओं को ही टारगेट किया जा रहा है। ऐसे में इस बैठक में इस मामले पर भी चर्चा होगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस बैठक को लेकर सभी पदाधिकारियों को सूचना भेजनी शुरू कर दी है। इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के अलावा जिला और ब्लॉक अध्यक्षों को बुलाया गया है। साथ ही इनसे फील्ड रिपोर्ट भी लाने को कहा है। मतदान की फीडबैक लेने के साथ ही बैठक में संगठन के कामकाज को लेकर भी विचार विमर्श होगा। बताते हैं कि इस बैठक में संगठन की आगे के कामकाज को लेकर भी चर्चा की जाएगी।
- Advertisement -