ढली दुराचार मामलाः कांग्रेस कल मनाएगी धिक्कार दिवस, सरकार की बर्खास्ती मांगी
Update: Tuesday, April 30, 2019 @ 9:39 PM
शिमला। प्रदेश कांग्रेस कल यानि 1 मई को प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था (Law and order) के विरोध में धिक्कार दिवस मनाएगी। कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा ने बताया कि शिमला में युवती के साथ हुए दुराचार (Rape) के बाद शिमला में महिलाओं की सुरक्षा की पोल खुल गई है। पुलिस अपराधियों को पकड़ने में असफल रही है। पुलिस मुकदर्शक बनी है। प्रदेश कांग्रेस पार्टी (Congress Party) ने आज प्रदेश को बिगड़ती कानून व्यवस्था पर एक ज्ञापन (Memorandum) राजपाल को सौंपा। इस ज्ञापन में राज्य सरकार को बर्खास्त करने की मांग की गई है। राज्यपाल को सौंपे ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा है कि प्रदेश में अराजकता का माहौल व्यापक है, हर वर्ग विशेषकर महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
शिमला में युवती से चलती गाड़ी में दुराचार का मामला सरकार की कानून व्यवस्था की पोल खोल रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि प्रदेश में सरकार और कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज ही नहीं रही है। कांग्रेस पार्टी निवेदन करती है कि प्रदेश सरकार को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त किया जाए और दुराचार के दोषियों को पकड़ने में त्वरित कार्रवाई अमल में लाई जाए। अपने काम में लापरवाही बरतने के लिए पुलिस अधिकारियांे को पद से निष्कासित किया जाए।