- Advertisement -
मंडी। बीजेपी सांसद राम स्वरूप शर्मा ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया है कि राज्य की कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है और प्रदेश के लोग अब सिर्फ चुनावों का ही इंतजार कर रहे हैं, ताकि प्रदेश में परिवर्तन लाया जा सके। यह बात सांसद राम स्वरूप शर्मा ने रविवार को बीजेपी युवा मोर्चा की मंडी संसदीय क्षेत्र की बैठक के दौरान कही। बैठक में मंडी संसदीय क्षेत्र से आए युवा मोर्चा के तमाम पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में सांसद राम स्वरूप शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। बैठक उपरांत पत्रकारों से बातचीत में सांसद राम स्वरूप शर्मा ने कहा कि बीजेपी युवा मोर्चा का वन बूथ टेन यूथ कार्यक्रम सफल रहा है और इसके माध्यम से प्रदेश भर में 75 हजार नए युवाओं को पार्टी के साथ जोड़ा गया है।
उन्होंने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य सरकार ने अपने चार वर्षों के कार्यकाल में हर वर्ग के साथ अन्याय और छल किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की लहर चल पड़ी है और लोग चुनावों का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा चुनावों में अपनी अहम भूमिका निभाएगा और मोर्चा के जो भी कार्यक्रम होंगे उसमें पार्टी के सभी लोग अपनी सक्रिय भागीदारी देंगे।
युवा मोर्चा 15 मार्च से छेड़ेगा अभियान
बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष विशाल चौहान ने कहा कि युवा मोर्चा 15 मार्च से एक अभियान चलाएगा, जिसके तहत युवा मोर्चा के कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को बताएंगे कि किस तरह से राज्य सरकार ने उनके साथ छल किया है। उन्होंने बताया कि चार्जशीट में राज्य सरकार पर जो आरोप लगे हैं उनसे भी जनता को अवगत कराया जाएगा। इसके साथ ही अप्रैल महीने में युवा मोर्चा की एक और बैठक मंडी में होगी, जिसके बाद जून महीने में युवा मोर्चा की विशाल रैली का प्रदेश में आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के करीब 75 हजार युवा भाग लेंगे।
- Advertisement -