- Advertisement -
शिमला। कांग्रेस एक तीर से दो शिकार करेगी। कांग्रेस ने जनसंपर्क अभियान की शुरूआत की है। कार्यकर्ता इस अभियान के तहत जहां पार्टी नीतियों का प्रचार-प्रसार करेंगे, वहीं बूथ स्तर से पार्टी के लिए चंदा भी जुटाएंगे। शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यहां पर पार्टी के जनसंपर्क अभियान की शुरूआत की। 28 फरवरी, 2019 तक यह अभियान चलेगा। हर बूथ से 22,000 रुपये जुटाने का लक्ष्य है।
ब्लॉक को यह पैसा जुटाकर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय को भेजना होगा। यह पैसा पार्टी फंड में जमा होगा, जिसका उपयोग आने वाले लोकसभा चुनाव में किया जाएगा। इसके लिए हर बूथ को तीन तरह की रसीद दी गई हैं। इसमें पहली रसीद 100 रुपए, दूसरी 500 व तीसरी 1000 रुपए की है।
बूथ स्तर के पार्टी कार्यकर्ताओं इच्छानुसार रसीद कटवा सकते हैं। राशि जुटाने के साथ कार्यकर्ता अपने अपने बूथ में यह भी जनता को बताएंगे कि पूर्व यूपीए सरकार के समय आरटीआई, खाद्य सुरक्षा, शिक्षा और रोजगार का अधिकार मिला, लेकिन बीजेपी सरकार के चार साल अधिकार मिले नहीं, बल्कि छीने गए। नोटबंदी, जीएसटी ने जनता को खून के आंसू रुलाए हैं, महंगाई आसमान पर है। हर व्यक्ति का जीना दूभर हो गया है।
लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस जनता को जागरूक करने का काम करेगी। अभियान की शुरूआत के मौके पर महासचिव हरभजन सिंह भज्जी, नरेश चौहान, पूर्व संसदीय सचिव रोहित ठाकुर, प्रवक्ता संजय सिंह चौहान, सचिव इश्वर दास सहित अनेक नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
- Advertisement -