- Advertisement -
नई दिल्ली। लोकसभा चुनावों में करारी हार का सामना करने के बाद कांग्रेस की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब कांग्रेस को महाराष्ट्र में करारा झटका लगाने वाला है। पार्टी के दो वरिष्ठ नेता (राधाकृष्ण विखे पाटिल और अब्दुल सत्तार)ने इस्तीफा दे दिया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि ये दोनों नेता जल्द ही बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। यही नहीं अब्दुल सत्तार ने यह कहकर कांग्रेस की चिंता और बढ़ा दी है कि पार्टी के 8-10 विधायक बीजेपी के साथ संपर्क में हैं। बता दें कि पाटिल राज्य में कांग्रेस विधायक दल के नेता पद से पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं।
विखे पाटिल ने इस्तीफा देने के बाद पत्रकारों से की गई बातचीत के दौरान कहा कि मैंने लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी के लिए प्रचार भी नहीं किया था। मुझे हाईकमान पर संदेह नहीं है। उन्होंने मुझे विपक्ष का नेता बनाकर अच्छा मौका दिया था। मैंने अच्छा काम करने की कोशिश की, लेकिन हालात ने मुझे इस्तीफा देने पर मजबूर किया है। बताया गया कि विखे पाटिल से कांग्रेस (Congress) के दो विधायकों ने मुलाकात की। पाटिल से मिलने अब्दुल सत्तार और जय कुमार गोरे पहुंचे। जहां सत्तार कांग्रेस से इस्तीफा दे चुके हैं वहीं गोरे अभी भी कांग्रेस में हैं। इनके साथ ही शेतकरी स्वाभीमानी पार्टी (राजू शेट्टी की) के विधायक भारत भालके भी पाटिल से उनके आवास पर मिले।
- Advertisement -