- Advertisement -
नाहन/ कुल्लू। आर्थिक मंदी, महंगाई व बेरोजगारी जैसे कई मुद्दों को लेकर सिरमौर कांग्रेस कमेटी ने नाहन में प्रदेश व केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर किए गए प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने सरकार की जमकर घेराबंदी की। इससे पूर्व कांग्रेस भवन नाहन से शुरू हुई रैली शहर के विभिन्न स्थानों से होते हुए डीसी कार्यालय परिसर पहुंची। इस मौके पर कांग्रेस के वक्ताओं ने बीजेपी सरकार को आड़े हाथों लिया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय सोलंकी ने कहा कि देश व प्रदेश में महंगाई चरम सीमा पर है। देश आर्थिक मंदी की मार झेल रहा है। प्रदेश सरकार बाहरी राज्यों के युवाओं को रोजगार बांट रही है। जबकि, प्रदेश के बेरोजगार दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकारों का चेहरा सामने आ गया है। आज प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है। प्रदेश के बेरोजगार परेशान हैं। गैस, पेट्रोल की कीमतें आसमान छू रही हैं।
कुल्लू में कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता इंदु पटियाल ने जयराम सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश सरकार बेरोजगारों के प्रति बिल्कुल असंवेदनशील शील है और बाहरी लोगों को रोजगार देकर प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवाओं के साथ प्रदेश सरकार धोखा कर रहे है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस संबंध में 6 से 14 नवंबर तक आर्थिक मंदी, मंहगाई, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था सड़कों की दुर्दशा सहित प्रादेशिक मुद्दों पर पूरे प्रदेश के सभी ज़िला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन करेगी। इस कड़ी में 8 नवंबर को कुल्लू जिला में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर की अगुवाई में विशाल प्रदर्शन होगा। इसमें प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, समस्त विधायक, जिला व ब्लाक के सभी पदाधिकारीएसंगठन व बूथ स्तर के सभी पदाधिकारीए कांग्रेस के पूर्व व वर्तमान पंचायत प्रतिनिधि आदि शामिल होंगे।
ऊना। प्रदेश कांग्रेस ने देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों का शोषण और आर्थिक मंदी के खिलाफ प्रदेशभर में धरना प्रदर्शन करने का शेड्यूल जारी किया है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजेश पराशर (राजू) ने बताया कि संगठन के घोषित विरोध प्रदर्शन के शेड्यूल के अनुसार ऊना जिला मुख्यालय पर 11 नवंबर को प्रदर्शन किया जाएगा। जिलास्तर पर आयोजित होने वाले इस धरना प्रदर्शन में जिला एवं ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस के प्रत्येक फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल रहेंगे। राजेश पराशर ने कहा कि कांग्रेस के तमाम पदाधिकारी और सदस्य 11 नवंबर सुबह करीब आठ बजे पीडब्ल्यूडी विश्रामगृह में एकत्रित होंगे। जहां सीनियर लीडर्स के मार्गदर्शन के उपरांत एक विशाल रैली उपायुक्त कार्यालय तक निकाली जाएगी। डीसी कार्यालय में विरोध प्रदर्शन होगा और उपायुक्त के माध्यम से महामहिम को ज्ञापन भी भेजा जाएगा।
- Advertisement -