- Advertisement -
शिमला कांग्रेस ने डीसी ऑफिस के बाहर धरना दिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की। शिमला जिला कांग्रेस अध्यक्ष यशवंत छाजटा ने कहा कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर फ़ेल साबित हुई है। आज देश भर में पेट्रोल डीजल के दाम आसमान छू रहे है इस बीच हिमाचल सरकार ने बस के किराए बढ़ाकर जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम ने निज़ी बसों की एक दिन की हड़ताल के आगे घुटने टेक दिए और उनकी नाज़ायज़ मांगे मान ली।
हमीरपुर गांधी चौक पर महंगाई के खिलाफ जिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार को महंगाई के लिए जमकर कोसा।इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश ठाकुर की अगुवाई में कांग्रेस पदाधिकारियों ने मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर प्रदेश महासचिव सुनील बिट्टू, पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया के अलावा कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे। बाद में कांग्रेसी नेताओं ने डीसी के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भी सौंपा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश ठाकुर ने कहा कि आए दिन तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है, जिस कारण जनता त्रस्त है। उन्होंने कहा कि महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन किया जा रहा है और सरकार से मांग की जा रही है कि महंगाई को कम किया जाए।
ऊना में कांग्रेसियों के रोष प्रदर्शन में महिलाओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। विश्राम गृह ऊना से शुरू हुई रोष रैली डीसी कार्यालय तक पहुंची। रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह रायजादा, जिलाध्यक्ष कांग्रेस एडवोकेट वीरेंद्र धर्माणी, कार्यकारी अध्यक्ष विवेक कुमार बिक्कू, पूर्व विधायक राकेश कालिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान डीसी राकेश कुमार प्रजापति के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।
नाहन में कांग्रेसी कार्यकर्ता पर देशद्रोह का मामला दर्ज करने, बस किराया वृद्घि और महंगाई के अनियंत्रित दामों को लेकर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। कांग्रेस भवन से शुरू हुई रैली शहर के विभिन्न स्थानों से होते हुए डीसी आफिस पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने धरना देकर प्रदर्शन किया। बाद में डीसी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय सोलंकी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नेता नहीं अभिनेता हैं और अब खलनायक की भूमिका में नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता पर देशद्रोह का मामला दर्ज किए जाने के मामले में वह जनांदोलन खड़ा करेंगे। घर-घर जाकर वह इसका प्रचार करेंगे। किस नेता अथवा पुलिस अधिकारी के शय पर कार्यकर्ता पर देशद्रोह का मामला दर्ज हुआ, इस करतूत का भी पता लगाया जाएगा। इस करतूत से पुलिस अधिकारी ने भी अपने ही विभाग की फजीहत की है।
कुल्लू में जिलाध्यक्ष बुद्वि सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में ढालपुर बाजार, डीसी आफिस तक रोष रैली निकाली और डीसी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बुद्वि सिंह ठाकुर ने बताया कि पिछले साढ़े चार साल से देश में महंगाई से आम जनता त्रस्त है। तेल व खाद्य वस्तुओं के दामों में लगातार बढ़ोतरी लोग परेशान हो गए हैं बीजेपी शासित प्रदेशों में किसान बड़ी संख्या में आत्महत्या कर रहे है।
नूरपुर। लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध में संगठनात्मक जिला कांग्रेस कमेटी नूरपुर ने केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और एसडीएम नूरपुर डॉ. सुरिन्द्र ठाकुर के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। रैली का नेतृत्व नूरपुर के पूर्व विधायक व प्रदेश कांग्रेस के महासचिव अजय महाजन ने किया। महाजन ने कहा कि आज महंगाई अपनी चरम सीमा पर पहुंच गई है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। युवा पीढ़ी को नोकरी के नाम पर छला गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि सभी के खाते में 15-15 लाख रुपये जमा होंगे। पर ये सब जूठे वादे थे। अब 2019 में लोकसभा के चुनावों में जनता इसका उत्तर देगी।
- Advertisement -