- Advertisement -
नाहन। देश व प्रदेश में बढ़ती महंगाई, पेट्रो पदार्थों व रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, भ्रष्टाचार, सरकारी संस्थाओं के निजीकरण सहित अन्य जनविरोधी नीतियों के विरोध में जिला सिरमौर (Sirmaur) के नाहन कांग्रेस मंडल ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक अध्यक्ष ज्ञानचंद चौधरी के नेतृत्व में शहर भर में एक आक्रोश रैली निकाली और एसडीएम (SDM) के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। इस दौरान कांग्रेस (Congress) ने पीएम का पूतला भी फूंका। आक्रोश रैली में प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव अजय सोलंकी, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय बहादुर सिंह सहित अन्य कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस कार्यकर्ता इससे पहले कांग्रेस भवन नाहन में एकत्रित हुए। इसके बाद एक रैली के स्वरूप में दिल्ली गेट होते हुए, बड़ा चौक, गुन्नूघाट व नया बाजार होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे। जहां, कांग्रेस ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, किसान विरोधी कानून को लेकर जमकर नारेबाजी की।
इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम के माध्यम से देश के राष्ट्रपति को एक ज्ञापन भेजकर उचित कार्रवाई की मांग की। नाहन कांग्रेस मंडल अध्यक्ष ज्ञानचंद ने कहा कि वर्तमान में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों से आम आदमी बुरी तरह प्रभावित है। आज पेट्रोल (Petrol) 100 रुपये पहुंच गया है। इससे महंगाई में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जबकि केंद्र और प्रदेश सरकारें इस पर अंकुश लगाने में नाकाम रही है। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव अजय सोलंकी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दामों के बढऩे से खाद्य वस्तुओं के दामों में इतनी बढ़ोतरी हो चुकी है कि आम आदमी को दो वक्त की रोटी खाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि किसान इस किसान विरोधी काले कानून के खिलाफ 100 से ज्यादा दिनों तक सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं। लेकिन सरकार के कान में जूं तक नही रेंग रही। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जो घोटाले जैसे पीपीई किट (PPE Kit), सैनिटाइजर घोटाला, टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारूति, रेलवे का निजीकरण, ओएनजीसी (ONGC), बीएसएनएल (BSNL), एलपीजी, एवम नोटबंदी जैसे घोटाले जनता के सामने आ चुके हैं। सरकार इन घोटालों को छुपाने में लगी हुई है। सोलंकी ने कहा कि इस जनता विरोधी सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए जनता तैयार रहे। इस मौकै पर कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रूपेंद्र ठाकुर, पार्षद राकेश गर्ग, कपिल गर्ग, जिला उपायुक्त योगेश गुप्ता, सोहन पुंडीर, राजपूत नरेन्द्र सिंह तोमर, जिला महिला अध्यक्ष उपमा धीमान के अलावा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
- Advertisement -